आधी रात सीतापुर में जनसभा,मैनपाट के पैगा में ग्रामीणों से कुड़ुख भाषा में किया संवाद,आज हसदेव व तारा कोल ब्लॉक प्रभावितों से करेंगे मुलाकात
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,17 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत तीन दिवसीय दौरे पर सोमवार की देर रात सरगुजा पहुंचे। उनके साथ प्रदेश सह प्रभारी जरीता लैतफलांग भी मौजूद थीं। जशपुर से रात करीब 12.30 बजे सीतापुर पहुंचे कांग्रेस प्रभारी का प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज,पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव,पूर्व खाद्य मंत्री अमरजीत भगत और जिला कांग्रेस अध्यक्ष सहित अन्य नेताओं ने माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान सीतापुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सुखदेव भगत ने वोट चोरी के मुद्दे पर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने जल,जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। जनसभा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इसके बाद वे मैनपाट के ग्राम पैगा पहुंचे, जहां ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से कुड़ुख भाषा में संवाद भी किया। पैगा में उन्होंने बॉक्साइट खनन से प्रभावित लोगों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
आज कोल ब्लॉक प्रभावितों से करेंगे संवाद : दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को सुखदेव भगत उदयपुर विकासखंड के ग्राम साल्ही और कांटारोली पहुंचेंगे। यहां वे हसदेव और तारा कोल ब्लॉक से प्रभावित ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे। ग्राम कांटारोली में कांग्रेस की जनसभा भी आयोजित की गई है। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आज जिला कांग्रेस कार्यालय में लेंगे बैठक
आज सुखदेव भगत अंबिकापुर पहुंचेंगे। यहां जिला कांग्रेस कार्यालय में अंबिकापुर,सीतापुर और लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरगुजा संभाग की सभी 14 सीटें हार गई थी। अब आगामी चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर पार्टी संगठन को मजबूत करने और स्थानीय मुद्दों को लेकर सक्रियता बढ़ाने में जुटी है। सरगुजा में सड़क,खनन और आदिवासी हितों से जुड़े मुद्दे कांग्रेस के प्रमुख एजेंडे में शामिल हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur