Breaking News

नई दिल्ली@देशभर में छठ-पूजा…डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य

Share


दिल्ली में सीएम रेखा गुप्ता,यूपी के लखनऊ में योगी ने की पूजा


नई दिल्ली,15 नवम्बर 2026। देशभर में महापर्व छठ पर व्रतियों ने पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। अब सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने रविवार को लखनऊ में गोमती नदी के किनारे छठ पूजा की। वहीं, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने सोनिया विहार क्लब में सूर्य को अर्घ्य दिया। उनके साथ दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा और सांसद मनोज तिवारी भी मौजूद रहे। छठ पूजा के लिए दिल्ली में करीब 1400 घाट पर तैयारियां की गई हैं। भीड़ को देखते हुए रविवार दोपहर 2 बजे से 16 नवंबर सुबह 8 बजे तक यमुना घाटों से सटे रास्तों के पास रूट डायवर्जन लागू रहेगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक देश-विदेश से 50 लाख से ज्यादा लोग घर लौटे हैं। दिल्ली सरकार ने छठ पूजा पर 16 नवंबर को छुट्टी का ऐलान किया है।
दिल्ली में आज सुबह डेढ़ घंटे
पहले से शुरू हो जाएंगी मेट्रो

छठ पूजा के आखिरी दिन यानी आज श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो सुबह 4ः30 बजे से चलना शुरू हो जाएगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने उगते सूर्य को अर्घ्य देने जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यह फैसला लिया है। आम दिनों में मेट्रो सेवा सुबह 6 बजे शुरू होती है।
अगरतला के त्रिपुरा में छठ पूजा
अगरतला के त्रिपुरा में श्रद्धालु छठ पूजा मनाने के लिए शहर नदी किनारे इकट्ठा हुए। डूबते सूरज को अर्घ्य दिया और परिवार की सेहत, खुशहाली और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उत्तर प्रदेश के नोएडा में रविवार को छठ पूजा के दौरान श्रद्धालु प्रदूषित यमुना नदी के किनारे जुटे। यहां लोगों ने नदी के किनारे पूजा-अर्चना की और छठ की रस्में निभाईं। अरुणाचल प्रदेश के निरजुली में छठ पूजा के दौरान रविवार को सैकड़ों श्रद्धालु निरजुली नदी के किनारे जुटे। बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों के साथ स्थानीय निवासियों ने भी पूजा में हिस्सा लिया। इस दौरान महिला और पुरुष नदी में खड़े होकर फलों और अन्य पूजन सामग्री के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य देते नजर आए। श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए पूजा-अर्चना की।
छठ पूजा में संतान की खुशहाली के लिए महिला ने की विशेष पूजा : पश्चिम बंगाल के कोलकाता में छठ पूजा के दौरान एक महिला सड़क पर लेटकर विशेष धार्मिक रस्म निभाती हुई। इस दौरान उसके पास एक बच्चा भी लेटा हुआ है। यह रस्म संतान की खुशहाली और आशीर्वाद पाने के लिए की जाती है।
दिल्ली सीएम ने कहा…छठी मैया पीएम मोदी को आशीर्वाद दें…
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा…यह बहुत ही शुभ दिन है। एक खुशी का मौका। पूर्वांचल इलाके के हमारे लाखों भाई-बहन,जो दिल्ली में रहते हैं और जिनके योगदान से शहर चलता है,वे यहां यमुना घाटों पर एक साथ छठ का महापर्व मना रहे हैं। मैं छठी मैया के चरणों में प्रार्थना करती हूं कि वे हम सभी पर भारत के लोगों और दिल्ली के निवासियों पर अपना आशीर्वाद बनाए रखें। वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आशीर्वाद दें,ताकि उनके नेतृत्व में,हम एक विकसित भारत और एक विकसित दिल्ली बना सकें, और हर परिवार को समृद्धि और खुशी मिले।
दिल्ली के आया नगर में श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
चार दिवसीय छठ पूजा के तीसरे दिन रविवार,15 नवंबर को श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया। दिल्ली के आया नगर में श्रद्धालु पानी में खड़े होकर सूर्य देव की पूजा करते नजर आए।
बिहार में 10 हजार घाटों पर छठ पूजा,लाखों लोगों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया; पटना में घाट सजाने गए 3 युवक डूबे
महापर्व छठ के तीसरे दिन बिहार के 10 हजार से ज्यादा घाटों पर लाखों श्रद्धालुओं ने डूबते सूरज को पहला अर्घ्य दिया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना के घाट पर पहुंचे। वहीं,भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने घर पर पूजा की।पटना के मिर्जापुर गांव में घाट की सजावट करने गए चार युवक पुनपुन नदी में डूब गए। एक को रेस्क्यू टीम ने बचा लिया है। 3 अभी भी लापता है। इनकी तलाश जारी है। छठ पूजा के लिए करीब 50 लाख लोग दिल्ली,मुंबई,बेंगलुरु,चेन्नई जैसे महानगरों समेत दुनिया के कई देशों से बिहार लौटकर आए हैं। इनमें करीब 40 लाख लोग ट्रेन,10 लाख लोग हवाई जहाज,बस और निजी वाहन से लौटकर बिहार आए हैं।
लखनऊ में सीएम योगी और डिप्टी सीएम ने डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने रविवार को लखनऊ में गोमती नदी के किनारे छठ पूजा की। दोनों नेताओं ने लक्ष्मण मेला मैदान के घाट पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की।
गुवाहाटी में श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को दिया संध्या अर्घ्य
असम के गुवाहाटी में छठ पूजा के दौरान रविवार को श्रद्धालुओं ने विभिन्न घाटों पर डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की।
खरना के बाद शुरू होता है 36 घंटे का निर्जला व्रत
छठ पूजा चार दिनों तक चलने वाला कठिन व्रत है। इसका दूसरा दिन खरना कहलाता है। खरना के दिन व्रती सुबह से शाम तक उपवास रखते हैं। शाम को सूर्यास्त के बाद पूजा की जाती है और प्रसाद तैयार किया जाता है। परंपरा के अनुसार, इस दिन गाय के दूध और गुड़ से खीर बनाई जाती है। इसके साथ रोटी और अन्य पारंपरिक पकवान भी प्रसाद के रूप में तैयार किए जाते हैं। व्रती पूजा के बाद प्रसाद खाते हैं। इसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। इस पूजा में बांस की टोकरी और सूप में फल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और दूसरे पारंपरिक प्रसाद रखे जाते हैं। ठेकुआ छठ पूजा का प्रमुख प्रसाद माना जाता है। संध्या अर्घ्य के बाद भी व्रती रातभर निर्जला उपवास जारी रखते हैं। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाला छठ महाव्रत पूरा होता है।


Share

Check Also

नई दिल्ली@वायु सेना के 13 बेस रिपेयर डिपो ने सर्विस के पचास साल पूरे होने का जश्न मनाया

Share नई दिल्ली,15 नवम्बर 2026। भारतीय वायु सेना के 13 बेस रिपेयर डिपो ने नई …

Leave a Reply