Breaking News

सूरजपुर@रेड नदी छठ घाट पर श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया छठ महापर्व, डूबते सूर्य को व्रतियों ने दिया अर्घ्य

Share

सूरजपुर 15 नवंबर 2026 (घटती घटना)।  लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा रविवार, 15 नवंबर को सूरजपुर के रेड नदी छठ घाट पर पूरे भक्तिभाव, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में छठ व्रती और श्रद्धालु घाट पर पहुंचे, पारंपरिक वेशभूषा में सजे व्रतियों ने पूजा की सामग्री से सजे सूप और दउरा के साथ नदी तट पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और सभी के कल्याण की कामना की, सूर्यास्त के समय जैसे ही व्रतियों ने जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया, पूरा घाट छठी मइया के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों से गूंज उठा।
छठ महापर्व को लेकर सुबह से ही रेड नदी छठ घाट पर तैयारियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, दिन ढलने के साथ घाट पर व्रतियों और उनके परिजनों की भीड़ बढ़ती गई, श्रद्धालु अपने साथ फल, फूल, नारियल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री लेकर पहुंचे, घाट पर जगह-जगह पूजा की तैयारियां दिखाई दीं। व्रतियों ने नदी के जल में खड़े होकर पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ अस्त होते सूर्य की उपासना की, इस दौरान परिवार के सदस्य भी पूजा में शामिल हुए और अर्घ्य अर्पित करने में व्रतियों का सहयोग किया।


प्रशासन और पुलिस ने संभाली व्यवस्था- छठ महापर्व के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं, घाट पर पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया गया, वहीं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा, घाट के विभिन्न स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी, ताकि बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के बीच शांति और सुरक्षा बनी रहे, पुलिस की सतर्कता और प्रशासनिक व्यवस्थाओं के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में पूजा संपन्न की।
छठ पूजा समिति की तैयारियों से बना भक्तिमय माहौल- रेड नदी छठ घाट पर छठ पूजा समिति की ओर से भी विशेष तैयारियां की गई थीं, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ठहरने की व्यवस्था की गई, वहीं भजन-कीर्तन और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन से घाट का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा, छठ गीतों की मधुर धुन और श्रद्धालुओं की सामूहिक भागीदारी ने पर्व की धार्मिक गरिमा को और बढ़ा दिया, परिवारों के साथ पहुंचे लोगों में पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने पूजा में भाग लेकर छठी मइया के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा महापर्व का समापन- छठ महापर्व के चार दिवसीय अनुष्ठान का अंतिम चरण सोमवार, 16 नवंबर की सुबह पूरा होगा, सोमवार को व्रती उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे, इसके साथ ही छठ पूजा का विधिवत समापन होगा और व्रती पारण कर अपना निर्जला व्रत पूर्ण करेंगे। सूर्य देव और छठी मइया के प्रति अटूट आस्था का यह पर्व केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि अनुशासन, तपस्या, स्वच्छता, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और पारिवारिक मंगलकामना का भी संदेश देता है, रेड नदी छठ घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर क्षेत्र में छठ महापर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था और सामाजिक एकजुटता को प्रदर्शित किया।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@कांच ही बांस के बहंगिया…छठ गीतों से गूंजते रहे घाट व्रतियों ने डूबते सूर्य को अर्पित किया अर्घ्य

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,15 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। लोक आस्था का महापर्व छठ जिला मुख्यालय अंबिकापुर सहित पूरे …

Leave a Reply