- प्रदेश में धान खरीदी प्रारंभ…360 नए उपार्जन केंद्रों के साथ कुल संख्या बढ़कर हुई 3100
- बस्तर में बंदूक की जगह खेल के मैदान,भय और हिंसा की जगह विश्वास एवं विकास का नया वातावरणः नितिन नवीन
रायपुर,15 नवम्बर 2026। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अपनी संस्कृति, स्वाभिमान, अधिकारों और मातृभूमि की रक्षा के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव नहीं,बल्कि महान जनजातीय नायकों के संघर्ष,त्याग और बलिदान को स्मरण करने तथा उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण अवसर है। राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने आज रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए यह बात कही। राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस की प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ वीरों, बलिदानियों और समृद्ध जनजातीय संस्कृति की पावन धरती है। नवीन ने कहा कि उनकी हार्दिक इच्छा इस ऐतिहासिक आयोजन में प्रत्यक्ष रूप से शामिल होने की थी,लेकिन प्रतिकूल मौसम के कारण वे उपस्थित नहीं हो सके। नवीन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को भव्य आयोजन के लिए विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान मिल रहा है। मुख्यमंत्री साय सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना के साथ प्रदेशवासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह ने पूरे छत्तीसगढ़ में गौरव और आत्मसम्मान का वातावरण निर्मित किया है। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, शहीद गेंद सिंह, तिलका मांझी, बुधु भगत, टंट्या भील और लक्ष्मण नायक सहित देश के महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। नवीन ने कहा कि जनजातीय समाज सदैव भारत की संस्कृति, सभ्यता, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का सशक्त प्रहरी रहा है। प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित कर जीवन जीने की जनजातीय परंपरा आज पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायी है।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के गोंड,उरांव, कंवर,बैगा,कमार,हल्बा,मुरिया और माडि़या सहित सभी जनजातीय समुदायों की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि इन समुदायों की लोककलाएँ, लोकनृत्य,पर्व और परंपराएँ छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान हैं। बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों के माध्यम से जनजातीय संस्कृति को देश-दुनिया में नई पहचान मिल रही है। नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनजातीय समाज के सम्मान,सशक्तिकरण और विकास को राष्ट्रीय प्राथमिकताओं में प्रमुख स्थान दिया है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समाज की बेटी राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का विराजमान होना पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है।
उन्होंने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान और लगभग 24 हजार करोड़ रुपये के प्रावधान वाली पीएम-जनमन योजना के माध्यम से जनजातीय बहुल गाँवों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के अवसरों का विस्तार किया जा रहा है। नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जनजातीय समाज को विकास योजनाओं का लाभ देने के साथ ही नेतृत्व के अवसर भी प्रदान किए हैं। छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय और ओडिशा में मोहन चरण माझी का मुख्यमंत्री के रूप में नेतृत्व करना इसका महत्वपूर्ण उदाहरण है। नवीन ने बस्तर में आ रहे सकारात्मक परिवर्तन की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व,केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को निर्णायक सफलताएँ मिली हैं। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, छत्तीसगढ़ सरकार और वीर सुरक्षाबलों को बधाई दी। उन्होंने नक्सली हिंसा में शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। नवीन ने कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने उन्हें नक्सली हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलवाया था। उन परिवारों की पीड़ा, आँसू और संघर्ष को देखकर उन्हें इस अभियान की कठिनाइयों का गहराई से एहसास हुआ। नक्सलवाद के विरुद्ध यह संघर्ष केवल हिंसा समाप्त करने का नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन में सम्मान,सुरक्षा और शांति लौटाने का संकल्प है। नवीन ने कहा कि बस्तर के जिन क्षेत्रों में कभी बंदूकों की आवाज सुनाई देती थी,वहाँ आज खेल के मैदान तैयार हो रहे हैं।
बच्चे और युवा शिक्षा,खेल तथा कौशल के माध्यम से अपने सपनों को नई उड़ान दे रहे हैं। छत्तीसगढ़ सरकार ने बस्तर के युवाओं के हाथों में बंदूक के स्थान पर खेल का सामान और हिंसा के स्थान पर नई उम्मीदें देने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जब बंदूक की जगह खेल का मैदान लेता है,हिंसा की जगह शिक्षा लेती है और भय की जगह विश्वास पैदा होता है,तब उस क्षेत्र के विकास को कोई रोक नहीं सकता। आज बस्तर के युवा इसी सकारात्मक परिवर्तन के प्रतीक बन रहे हैं। नवीन ने कहा कि वर्ष 2024 में बस्तर ओलंपिक में डेढ़ लाख से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी ने बस्तर के युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को नई पहचान दी।
भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान जनजातीय अस्मिता
और स्वाभिमान का प्रतीक : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण तथा प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास पहुँचाना हमारी सरकार का संकल्प है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास,आर्थिक सशक्तिकरण और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। भगवान बिरसा मुंडा सहित हमारे महान जनजातीय जननायकों ने जिस स्वाभिमानी, सशक्त और समृद्ध समाज का सपना देखा था,उसे साकार करना ही उनके प्रति हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मुख्यमंत्री साय ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनजातीय समाज की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर तथा तीर-धनुष एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ जनजातीय समाज के लोगों का उत्साहवर्धन किया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री साय सहित मंचस्थ अतिथियों और उपस्थित जनसमुदाय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर दिए गए वर्चुअल संबोधन का श्रवण किया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की तीन करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान,सशक्तिकरण और विकास को नई दिशा मिली है।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराओं, कला और संस्कृति के संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पद्मसम्मानित विभूतियों श्रीमती बुधरी ताती, जागेश्वर यादव एवं पंडी राम मंडावी का अभिनंदन कर उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने जनजातीय नृत्य पर आधारित प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को भी पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और प्रदर्शित जनजातीय कला, संस्कृति, पारंपरिक उत्पादों तथा विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने जनजातीय समाज के पारंपरिक प्रमुखों का सम्मान करने के साथ ही मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि तथा तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि का वितरण किया। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी सम्मानित किया गया।
किसानों के हित में बड़ा निर्णय कम धान बेचने पर भी मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने समारोह में किसानों के हित में राज्य सरकार के महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी देते हुए कहा कि अब प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि मिलेगी। इससे विशेष रूप से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज 15 नवंबर से प्रदेशभर में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए राज्य सरकार ने 360 नए धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही प्रदेश में धान खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है। उन्होंने कहा कि नए उपार्जन केंद्रों से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और केंद्रों में अनावश्यक भीड़ तथा लंबी कतारों से राहत मिलेगी। राज्य सरकार किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने, कृषि लागत में राहत देने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। किसानों की खुशहाली ही छत्तीसगढ़ की समृद्धि का आधार है। समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, कृषि मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह एवं श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, कांकेर सांसद भोजराज नाग, पद्मसम्मानित श्रीमती बुधरी ताती, जागेश्वर यादव एवं पंडी राम मंडावी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, जनजातीय समाज के प्रमुख और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur