
-संवाददाता-
लखनपुर,10 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम लोसंगा में 10 नवंबर 2026 को जनजातीय गौरव सप्ताह के अवसर पर जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव एवं आदिवासी महा तिहार का भव्य आयोजन किया गया। धान खरीदी केंद्र मैदान में आयोजित इस महोत्सव में पारंपरिक कर्मा नृत्य, मांदर की थाप और जनजातीय संस्कृति की शानदार झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र के विधायक माननीय प्रबोध मिंज शामिल हुए। पारंपरिक करमा गीतों और मांदर की गूंज के बीच उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। विधायक प्रबोध मिंज ने मैदान में स्थापित करम पेड़ की डाल के नीचे विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके पश्चात महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का शुभारंभ किया गया। महोत्सव में विभिन्न पंचायतों से पहुंचे कर्मा नर्तक दलों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा और शानदार नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। मांदर की थाप पर थिरकते कलाकारों ने पूरे आयोजन स्थल को जनजातीय संस्कृति और लोककला के रंग में रंग दिया। कर्मा नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि उपस्थित ग्रामीणजन झूमने पर मजबूर हो गए।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष शशिकला सिंह, मंडल अध्यक्ष रवि महंत,विक्रम सिंह, राकेश साहू, भईयालाल साहू, प्रविण यादव, प्रमोद सिंह, जमुना प्रसाद, श्रवण सिंह, प्रदीप सिंह,कुदरत बहाल, हरिलाल,विभिन्न पंचायतों के सरपंच,जनपद सदस्य, सचिव उपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,कलाकार एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। ग्राम लोसंगा में आयोजित यह महोत्सव केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहा,बल्कि जनजातीय समाज की पहचान,परंपरा, लोककला और गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास भी साबित हुआ। पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur