Breaking News

अम्बिकापुर@ जिले के 61 उपार्जन केन्द्रों में 15 नवंबर से होगी समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी

Share


निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार हो खरीदी,सभी तैयारियां समय पर पूर्ण कर ली जाएं,धान खरीदी की प्रक्रिया में पारदर्शिता और किसानों की सुविधा का रखें विशेष ध्यान : कलेक्टर वसंत
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,10 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान उपार्जन की तैयारियां जारी हैं,धान खरीदी का कार्य 15 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां की गई हैं। इसके सम्बन्ध में मंगलवार को कलेक्टर श्री अजीत वसंत की अध्यक्षता में धान खरीदी एवं उपार्जन की तैयारियों को लेकर कलेक्टरेट सभाकक्ष में प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री रोमा श्रीवास्तव उपस्थित रहीं। प्रशिक्षण में सर्व अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, खाद्य निरीक्षक, सहकारी निरीक्षक, कृषि उपज मंडी के अधिकारी तथा धान खरीदी केंद्रों से जुड़े ऑपरेटर एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर शामिल हुए। इस दौरान कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए पर्याप्त बारदाना, सुचारु तौल व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, छाया तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। शासन द्वारा निर्धारित सभी बुनियादी और मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से पूरी कर ली जाएं।
जिले के 61 केन्द्रों में 15 नवंबर से होगी समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी-खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में कुल 62 हजार 471 किसानों का पंजीयन किया गया है, जिनका कुल पंजीकृत रकबा 67 हजार 929.40 हेक्टेयर है। जिले में पूर्व में संचालित 54 धान उपार्जन केंद्रों के अतिरिक्त किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 7 नवीन धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इसके साथ ही जिले में धान उपार्जन केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 61 हो गई है। इन केंद्रों के माध्यम से पंजीकृत किसानों से धान खरीदी की जाएगी। उन्होंने नवीन केंद्रों में समुचित व्यवस्था समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
धान खरीदी की प्रक्रिया में पारदर्शिता और किसानों की सुविधा का रखें विशेष ध्यान-कलेक्टर वसंत ने समिति प्रबंधकों और ऑपरेटरों को निर्देशित किया कि पंजीकृत किसानों की जानकारी,तौल,ऑनलाइन प्रविष्टि सहित सभी कार्य सावधानीपूर्वक और निर्धारित नियमों के अनुरूप ही करें। किसी भी पात्र किसान को केंद्र पर असुविधा नहीं होनी चाहिए। शासन के इस महत्वपूर्ण कार्य में सकारात्मक दृष्टिकोण से शामिल होकर अपने कार्य का गम्भीरता से निर्वहन करें। प्रशिक्षण के दौरान समर्थन मूल्य पर धान खरीदी एवं उपार्जन की प्रक्रिया तथा खरीदी कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्य करने तथा खरीदी व्यवस्था से संबंधित तकनीकी एवं प्रशासनिक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।


Share

Check Also

लखनपुर@ गौरव दिवस पर जनजातीय महा तिहार की धूम,कर्मा नृत्य ने बांधा समां,विधायक प्रबोध मिंज हुए शामिल

Share -संवाददाता-लखनपुर,10 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम लोसंगा में 10 …

Leave a Reply