अब आज से दिवाली की खरीदारी,बाजार में रौनक…
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। धनतेरस पर इस बार बाजार में खरीदारी का सबसे ज्यादा उत्साह ऑटोमोबाइल सेक्टर में देखने को मिला। शुभ मुहूर्त में नया वाहन घर ले जाने की चाहत लोगों में इस कदर रही कि सुबह से ही दोपहिया वाहन शोरूम में ग्राहकों की भीड़ जुटने लगी। धनतेरस पर दोपहिया वाहनों के अलावा सोने-चांदी के आभूषण,इलेक्ट्रॉनिक्स सामान,बर्तन और फर्नीचर की भी जमकर बिक्री हुई। सुबह से देर रात तक बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। व्यापारियों के अनुसार,शहर में एक दिन में करोड़ों रुपए का कारोबार होने का अनुमान है। महंगाई के बावजूद खरीदारी के उत्साह में कमी नहीं दिखी।
धनतेरस पर बाजार में उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए थे। शहर के अंदर चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखा गया, जबकि दोपहिया वाहनों को आवाजाही की अनुमति दी गई। शाम के बाद बाजार में भीड़ और बढ़ गई। इसके बावजूद पुलिसकर्मी प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर यातायात व्यवस्था संभालते नजर आए।
ज्वेलरी से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक जमकर खरीदारी : ऑटोमोबाइल के अलावा ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक्स और बर्तन बाजार में भी अच्छी ग्राहकी रही। सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों में महिलाओं की भीड़ लगी रही। लोगों ने पूजा सामग्री,रसोई के बर्तन,मोबाइल,लैपटॉप, टीवी और घरेलू इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों की खरीदारी की। फर्नीचर दुकानों में भी ग्राहकों ने नए डिजाइन के सोफा,बेड और अन्य सामान पसंद किए।
देर रात तक गुलजार रहे बाजार : सदर रोड,देवीगंज रोड,खरसिया रोड और मनेंद्रगढ़ रोड के बाजारों में देर रात तक रौनक बनी रही। सरगुजा हीरो,आनंद ऑटोमोबाइल्स,महामाया होंडा सहित अन्य वाहन शोरूम में भी अच्छी बिक्री हुई। सोना महल,परशुराम आभूषण,श्रीराम ज्वेलर्स और कंचन ज्वेलर्स में ग्राहकों की भीड़ रही। बाजार में बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित कर यातायात व्यवस्था संभाली। सूरजपुर और एमसीबी जिले में भी धनतेरस पर बाजार गुलजार रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur