Breaking News

एमसीबी@ कुत्ते के हमले में बछड़े की बाहर निकल आई थी आंत,डॉक्टरों ने की सफल सर्जरी

Share


कांजी हाउस में गंभीर हालत में मिला था बछड़ा, एमवीयू खड़गवां-01 की टीम ने बचाई जान
-संवाददाता-
एमसीबी,06 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)।
कुत्ते के हमले में गंभीर रूप से घायल एक लावारिस बछड़े की छोटी आंत पेट से बाहर निकल आई थी। हालत इतनी गंभीर थी कि उसकी जान बचाना चुनौती बन गया था। सूचना मिलते ही मोबाइल वेटरनरी यूनिट (एमवीयू) खड़गवां-01 की टीम मौके पर पहुंची और आपातकालीन शल्य चिकित्सा कर बछड़े की जान बचाने में सफलता हासिल की। मिली जानकारी के अनुसार,6 नवंबर को चिरमिरी नगर निगम के अंतर्गत संचालित कांजी हाउस से प्रेम शंकर सोनी ने एक घायल बछड़े के संबंध में सूचना दी थी। बताया गया कि बछड़े पर कुत्ते ने हमला कर दिया था, जिससे उसके पेट में गंभीर चोट आई और छोटी आंत बाहर निकल गई थी। सूचना पर एमवीयू की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और बछड़े का परीक्षण किया।
क्षतिग्रस्त आंत का हिस्सा काटकर की गई सर्जरी : जांच में छोटी आंत का एक हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त और फटा हुआ पाया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल शल्य चिकित्सा शुरू की। ऑपरेशन के दौरान क्षतिग्रस्त आंत के हिस्से को सर्जरी के माध्यम से हटाया गया तथा आवश्यक मरम्मत की गई। टीम के अनुसार शल्य चिकित्सा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
संक्रमण से बचाव के लिए विशेष निगरानी : सर्जरी के बाद बछड़े को एंटीबायोटिक,दर्द निवारक और अन्य जरूरी दवाएं दी गईं। साथ ही घाव की नियमित देखभाल, स्वच्छता और संक्रमण से बचाव के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एमवीयू टीम का रहा सराहनीय योगदान : इस आपातकालीन शल्य चिकित्सा को सफल बनाने में एमवीयू खड़गवां-01 के डॉ. विनोद सिंह,पंकज कुमार एवं राम किशन यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। गंभीर हालत में पहुंचे बछड़े का समय पर उपचार कर टीम ने पशु चिकित्सा सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ धनतेरस पर बाजार रहा गुलजार…करोड़ों के कारोबार की उम्मीद

Share अब आज से दिवाली की खरीदारी,बाजार में रौनक…-संवाददाता-अम्बिकापुर,06 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। धनतेरस पर इस …

Leave a Reply