-संवाददाता-
अम्बिकापुर,06 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरहरी में दीपावली के अवसर पर दीपोत्सव रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक रंगोलियां बनाईं। प्रतियोगिता का खास आकर्षण पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती रंगोलियां रहीं। विद्यार्थियों ने रासायनिक रंगों के बजाय फूल, पत्तियों, लकड़ी,बालू और गिट्टी जैसी प्राकृतिक सामग्रियों का उपयोग कर आकर्षक कलाकृतियां तैयार कीं। विद्यालय के प्राचार्य दिलीप तिवारी ने विद्यार्थियों और स्टाफ को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना की। उन्होंने घोषणा की कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता अजय कुमार चतुर्वेदी ने प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन दो स्तरों पर किया गया था। माध्यमिक स्तरः रागिनी, पीहू और सुषमा ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रियंका द्वितीय और गुनगुन तृतीय स्थान पर रहीं। हायर सेकंडरी स्तरः कक्षा 12वीं के ग्रुप एफ के मयंक, तारा रानी, पंकज, प्रिया और राजकुमारी ने प्रथम स्थान हासिल किया। ग्रुप सी द्वितीय रहा। वहीं कक्षा 9वीं के ग्रुप ए की सृष्टि और साक्षी तथा कक्षा 10वीं के ग्रुप जी की दिलेश्वरी और श्रुति ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ का योगदान रहा। आयोजन में निशा तिवारी,मनीषा एक्का,ए. कुजूर,जे. कुजूर, सुनीता नेताम,शशि पटवा,रूखमणि पैकरा,अन्नपूर्णा कुल्हाड़ी,अविनाश तिवारी,रूप सहित अन्य शिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur