इंटरैक्टिव रोल प्ले के जरिए सिखाए व्यावहारिक गुर,पक्षकारों के बीच संवाद और सहमति बनाने पर जोर
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का मध्यस्थता के माध्यम से त्वरित और सौहार्दपूर्ण निराकरण करने के उद्देश्य से रविवार को सरगुजा संभाग के न्यायिक अधिकारियों के लिए एक दिवसीय द्वितीय इंटरैक्टिव रोल प्ले प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें सरगुजा,जशपुर और कोरिया जिले के न्यायिक अधिकारियों ने हिस्सा लिया। यह प्रशिक्षण छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय एवं राज्य के जिला न्यायालयों में संचालित मध्यस्थता केंद्रों की निगरानी के लिए गठित समिति और छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण,बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सरगुजा के मार्गदर्शन में हुए इस कार्यक्रम में पोटेंशियल ट्रेनर अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश ओम प्रकाश चौहान और छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की वरिष्ठ अधिवक्ता हमीदा सिद्दीकी ने प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण के दौरान इंटरैक्टिव रोल प्ले के माध्यम से वास्तविक विवादों जैसी परिस्थितियां तैयार कर न्यायिक अधिकारियों को मध्यस्थता की प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। इसमें पक्षकारों से प्रभावी संवाद स्थापित करने, उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को धैर्यपूर्वक सुनने,विवाद के मूल कारणों को समझने तथा आपसी सहमति से समाधान तक पहुंचने के लिए प्रेरित करने की तकनीकों पर जोर दिया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि मध्यस्थता के जरिए विवादों का समाधान होने से न्यायालयों में लंबित प्रकरणों का बोझ कम किया जा सकता है। साथ ही पक्षकारों को आपसी संवाद और सहमति से विवाद सुलझाने का अवसर मिलता है। इस तरह के प्रशिक्षण से न्यायिक अधिकारियों की मध्यस्थता संबंधी दक्षता बढ़ेगी और वैकल्पिक विवाद समाधान प्रणाली को मजबूती मिलेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur