स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के किए दर्शन,वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हुए शामिल,राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश लेकर लौट रहा दल

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 नवम्बर 2026 (घटती-घटना)। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से सरगुजा जिले के ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के 43 नागरिक गुजरात के एकतानगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल हुए। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस भव्य राष्ट्रीय समारोह में सरगुजा के नागरिकों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों को करीब से देखने का अवसर मिला। ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनने के बाद यह दल राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश लेकर वापस लौट रहा है। पुलिस मुख्यालय रायपुर से प्राप्त निर्देशों के तहत छत्तीसगढ़ के 14 जिलों के नागरिकों को इस राष्ट्रीय आयोजन में शामिल कराने की पहल की गई थी। इसी क्रम में सरगुजा जिले के लुंड्रा,धौरपुर,मैनपाट, उदयपुर,केदमा,बतौली एवं सीतापुर थाना-चौकी क्षेत्रों से 43 नागरिकों का चयन कर दल रवाना किया गया। 28 अक्टूबर को विशेष ट्रेन से रवाना हुआ दल 30 अक्टूबर को गुजरात के एकतानगर पहुंचा।
182 मीटर ऊंची प्रतिमा के किए दर्शन : यात्रा के दौरान 30 अक्टूबर को दल के सदस्यों ने विश्व की सबसे ऊंची 182 मीटर की स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण और देश की एकता में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को करीब से जाना। शाम को सदस्यों ने देशभक्ति पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ‘मां ने फिर बुलाया है’ (आनंद मठ) का आनंद लिया।
प्रधानमंत्री की मौजूदगी में देखी राष्ट्रीय एकता परेड : 31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण भव्य परेड रही। इसमें देश के विभिन्न सुरक्षा बलों और पुलिस टुकडि़यों ने अपने शौर्य, अनुशासन और सामर्थ्य का प्रदर्शन किया। सरगुजा के नागरिकों के लिए यह अनुभव विशेष रोमांच और गौरव का विषय रहा।
नक्सलवाद के खिलाफ सफलता और वंदे मातरम् की गूंज
समारोह में वर्ष 2026 के दौरान सशस्त्र नक्सलवाद के विरुद्ध सुरक्षा बलों की उपलब्धियों और शांति स्थापना के प्रयासों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। वहीं वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग दिया।
एसएसपी ने दी शुभकामनाएं…
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) ने राष्ट्रीय स्तर के इस भव्य आयोजन में शामिल होकर लौट रहे सभी 43 सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय आयोजनों में सहभागिता से नागरिकों में राष्ट्र निर्माण, देश की अखंडता और सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान की भावना मजबूत होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि दल के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में लौटकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे। ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों के नागरिकों को राष्ट्रीय स्तर के आयोजन से जोड़ने की यह पहल उन्हें देश की विविधता, सांस्कृतिक विरासत और सुरक्षा बलों के योगदान को करीब से समझने का अवसर प्रदान करने वाली साबित हुई।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur