राहुल गांधी बोले…ज्ञानेश कुमार सीईसी पद से हटेगा,हम संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे

नई दिल्ली,01 नवम्बर 2026। राहुल गांधी ने कहा ‘न हम मोदी से नफरत करते हैं,न ही अमित शाह से नफरत करते हैं,न ज्ञानेश कुमार से। मगर आप तीनों ने देश की आत्मा पर आक्रमण किया है। आपने देश के संविधान और लोकतंत्र पर हमला किया है। मेरे लिए कोई दुश्मन नहीं है। न मोदी,न अमित शाह,न ज्ञानेश कुमार। मगर हमारे लिए सबसे जरूरी चीज,धर्म से भी जरूरी चीज है-हिंदुस्तान के नागरिक की आवाज। अगर आप मुझसे मेरा धर्म पूछें तो मैं कहूंगा कि हिंदुस्तान के लोगों की आवाज सुनी जानी चाहिए। यही मेरा धर्म है। हम नरेंद्र मोदी,अमित शाह,ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हिंसा नहीं करेंगे। उन्हें मारेंगे या काटेंगे नहीं।’ राहुल ने कहा कि गांधीजी ने कहा था कि पंक्ति में खड़े आखिरी व्यक्ति की आवाज सबसे अहम है। चाहे वह हिंदू हो, मुस्लिम हो,दलित हो,महिला हो, विकलांग हो,जो भी हो,हमें सबकी आवाज की रक्षा करनी है। मोदी जी ने और शाह ने देश में नफरत फैला दी है और इससे देश को नुकसान हो रहा है। यह भीड़ चिल्ला रही है,हमें मोहब्बत चाहिए,भाईचारा चाहिए। हम यही कर के दिखाएंगे। यह प्रदर्शन किसी एक पार्टी का या एक नेता का नहीं है। इसमें सब शामिल हैं। यह हिंदुस्तान की आवाज है। यह हिंदुस्तान के लोकतंत्र को बचाने की आवाज है, संविधान को बचाने की आवाज है।
राहुल बोले-संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे
राहुल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अमित शाह, ज्ञानेश कुमार को आपने मैसेज भेजना था, मैसेज भेज दिया है। यह किसी एक राजनीतिक दल की आवाज नहीं है। यह सिर्फ नेताओं की आवाज नहीं है। यह हिंदुस्तान के युवाओं की आवाज है। किसानों, मजदूरों की आवाज है और यह आवाज कह रही है कि हम लोकतंत्र को हिंदुस्तान में खत्म नहीं होने देंगे। हम संविधान को नष्ट होने नहीं देंगे। आप अपने आप को जितना बड़ा समझो, जितना आपके पास पैसा है,पावर है,आप जो भी हों,आप संविधान से बड़े नहीं हैं, संविधान आपसे बड़ा है। राहुल ने आगे कहा कि वर्षों से इस देश में वोट चोरी हो रही है। ममता जी ने बंगाल को उदाहरण दिया। मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र,कर्नाटक और 2024 की लोकसभा, सारे चुनाव में वोट चोरी हुई है, ईवीएम के साथ वोट चोरी हुई है। वोटर लिस्ट से नाम काटकर वोट चोरी हुई है। 2024 के चुनाव के बाद 13.5 करोड़ वोटर्स वोटर लिस्ट से हटाए गए। मतलब इतने वोटर्स को हटाया गया। हर सात में से एक वोटर को निकाला गया। 15 फीसदी हिंदुस्तान के वोटर्स को वोटर लिस्ट से हटाया गया,वह भी 2024 के बाद। 2024 में एनडीए और हमारे बीच में तीन फीसदी का फर्क था। उसके बाद 15 फीसदी वोटर्स को वोटिंग लिस्ट से निकाला गया। मतलब 2024 का चुनाव अवैध चुनाव था। चोरी का चुनाव था और यह बात मैं नहीं चुनाव आयोग खुद कह रहा है। क्योंकि उन्होंने 13.5 करोड़ वोटर्स 2024 की लिस्ट से निकाले।
ममता बनर्जी बोलीं…ईवीएम लूटा,लोकतंत्र लूटा,संविधान लूटा
रामलीला मैदान से टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कहा कि हम लोकतंत्र को बचाएंगे। हम छोड़ेंगे नहीं,लड़ेंगे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हम हारे नहीं,हराए गए हैं, बंगाल एसआईआर का पीडि़त है। ज्ञानेश कुमार ने मतगणना को हाईजैक किया। अपने संबोधन में ममता बनर्जी ने कहा कि-एसआईआर भाजपा की मदद के लिए बनाई गई है। ज्ञानेश कुमार को हटाना होगा। ममता बनर्जी ने आगे कहा कि इन्होंने राम मंदिर का रुपया भी लूटा है।
अखिलेश यादव बोले…यूपी में हिंदुओं के 1.27 करोड़ वोट काटे गए
समाजवादी पार्टी के सांसद और अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा,…‘’जबसे यह तय हुआ है कि रामलीला मैदान में इंडिया गठबंधन एकजुट होकर उन तमाम लोगों को जिन लोगों ने लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया है, उनके खिलाफ एकजुट हो रहे हैं। तबसे सामने आ रहा है कि जनता हमारे साथ जुटना चाहती है। अगर मैं यह कहूं कि एक करोड़ 27 लाख वोट कटे हैं, उसका गणित हम लगा दें 403 विधानसभाओं का तो हर विधानसभा में वोट कम हुए हैं
राहुल बोले…ज्ञानेश कुमार सीईसी पद से हटेगा
राहुल ने कहा कि मैं स्टेज से कहना चाहता हूं। मैं जो कहता हूं वो होता है न। मैंने कोविड-19 के बारे में बोला,सच हुआ। मैं आपको स्टेज से कह रहा हूं कि ज्ञानेश कुमार सीईसी पद से हटेगा। ज्ञानेश कुमार हिंदुस्तान में जेल जाएगा। और अगर यह आम चोरी नहीं है कि किसी ने दुकान से थोड़ी सी छोटी चोरी कर ली। उसके लिए जेल होती है। इन्होंने नॉर्मल चोरी नहीं की है। यह हिंदुस्तान के हर नागरिक के आवाज की चोरी है। इसको कानूनी गलियारों में रेयरेस्ट ऑफ रेयर केस कहते हैं। इसे देशद्रोही कहते हैं,इसे ट्रीजन कहते हैं और ज्ञानेश कुमार के बिना न नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनता,न अमित शाह गृह मंत्री बनता। आरएसएस इस देश की सारी संस्थाओं को कैप्चर कर लिया है। शिक्षा,स्वास्थ्य,सीबीआई,ईडी, न्यायपालिका,नौकरशाही,पुलिस सारी की सारी संस्थाएं,जो आपकी हैं,वह नरेंद्र मोदी,अमित शाह, आरएसएस की नहीं,युवाओं की संस्थाएं हैं। वह इन्होंने कैप्चर कर रखी हैं। नतीजा यह है कि किसानों को अधिकार नहीं मिल रहा,युवाओं को हक नहीं मिल रहा,मजदूरों को हक नहीं मिल रहा। नतीजा पूरा का पूरा धन कुछ लोगों के हाथ में चला गया है-अंबानी, अदाणी।
2-3 लोगों का देश नहीं चाहिए हमें : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि 2-3 लोगों का देश नहीं चाहिए हमें। अदाणी जी जो भी करना चाहें,जो भी संस्था लेना चाहें,शिक्षा-स्वास्थ्य को कैप्चर करना चाहें। हर एयरपोर्ट,रेलवे,इन्फ्रास्ट्रक्चर छीन लें। ड्रोन उड़ रहा है यह भी अदाणी का, हथियार भी अदाणी का,ऐसा देश हमें नहीं चाहिए। हम यह होने नहीं देंगे। देश को सही पटरी पर लाने का तरीका इस ज्ञानेश कुमार को हटाना है। अमित शाह जी ने कहा कि नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा रहे। मैं आपको उल्टा बता रहा हूं। नरेंद्र मोदी कहीं नहीं जा सकते,अगर जाना भी चाहें तो हम उन्हें नहीं जाने देंगे। नरेंद्र मोदी और अमित शाह,ज्ञानेश कुमार के बाद हम आपके सामने खड़े होने जा रहे हैं। नरेंद्र मोदी के खिलाफ अमित शाह के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी। आपने जो वोट चोरी की है,अदाणी को जो देश बेचा है, उसके लिए देश आपसे न्याय मांगेगा। आप भागने की मत सोचो। आप भाग नहीं सकते। आप यहीं के यहीं रहोगे।
अखिलेश बोले…2022 में यूपी में वोट चोरी की सरकार बनी
अखिलेश यादव ने कहा कि हम आपने देखा है कि भाजपा लगातार साजिश रच रही है। वे जानते हैं लोकतंत्र से जीत नहीं सकते तो चुनाव आयोग को हथियार बनाया। उन्होंने बंगाल चुनाव उन्होंने लूटा है। चुनाव से पहले एसआईआर कराकर वोट कटवा दिए थे। अखिलेश ने कहा,‘मैं देख रहा हूं कि रामलीला मैदान में जो आवाज उठ रही है। गठबंधन के सभी साथियों ने एकजुट होकर लोकतंत्र को खत्म करने वालों के खिलाफ हुए हैं।
खड़गे बोले…मोदी अपना वोट खुद चुन रहे…
मल्लिकार्जुन खड़गे ने ये भी कहा कि मोदी आज लोगों में फूट डालने की कोशिश कर रहे हैं, वे खुद वोट चुन रहे हैं, उनको वोट कौन देगा,वे वोटर्स चुनते हैं, आज की केंद्र सरकार, बिहार सरकार,यूपी सरकार,ये सब चोरी की सरकार हैं।
ममता बोलीं…आपने नौकरी लूटीं, मां-बहनों का सम्मान लूटा
ममता बोलीं…हम छोड़ेंगे नहीं,जिदंगी देंगे,हम लड़ेंगे। हमारा बंगाल लूट लिया गया। हम लोकतंत्र बचाएंगे। लोकतंत्र लूटा गया,अधिकार लूटा गया,इलेक्शन काउंटिंग लूटी गई। आप सिर्फ वोट नहीं,पूरी काउंटिंग वैनिश की है। हम हारे नहीं, हमको हराया गया है। ममता ने ये भी कहा कि आपने नौकरी लूटी,जिंदगी लूटी,मां-बहनों का सम्मान लूटा। ज्ञानेश कुमार जी वैनिश वैनिश…यस पापा,लूट लिया,यस पापा,तुम्हारे पीछे कौन है,बीजेपी पापा,किसानों का रिस्पेक्ट चोरी,बीजेपी पापा…। भाजपा का साथ,सबका सत्यनाश।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur