सनी ओझा और तोसिक मानिकपुरी ने झटके 3-3 विकेट,गगन बोस व चिराग राजवाड़े ने दिलाई आसान जीत,कोच अलंकार तिवारी ने बीसीसीआई लेवल-0 कोर्स में हासिल किए 97 प्रतिशत अंक
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,28 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता में सरगुजा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने पहले मुकाबले में दुर्ग को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। भिलाई के सेक्टर-1 मैदान पर खेले गए मुकाबले में सरगुजा के गेंदबाजों ने दुर्ग की टीम को महज 69 रनों पर समेट दिया। इसके बाद सलामी बल्लेबाज गगन बोस और चिराग राजवाड़े ने बिना विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर टीम को शानदार जीत दिलाई। टॉस हारकर पहले गेंदबाजी करने उतरी सरगुजा की टीम ने शुरुआत से ही दुर्ग के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। तेज गेंदबाज प्रिंस कुशवाहा ने शुरुआती ओवरों में विकेट लेकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। इसके बाद स्वास्तिक केशरी और सनी ओझा ने कसी हुई गेंदबाजी से विपक्षी टीम को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। सनी ओझा और तोसिक मानिकपुरी ने तीन-तीन विकेट लेकर दुर्ग की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। सरगुजा के गेंदबाजों के संयुक्त प्रदर्शन के सामने दुर्ग की पूरी टीम 30 ओवर में 69 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
गगन और चिराग ने बिना विकेट गंवाए दिलाई जीत : 70 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी सरगुजा की टीम ने आक्रामक और संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। गगन बोस और चिराग राजवाड़े ने शानदार तालमेल के साथ बल्लेबाजी करते हुए 33-33 रन बनाए और टीम को बिना किसी नुकसान के लक्ष्य तक पहुंचा दिया। सरगुजा ने यह मुकाबला 10 विकेट से जीतकर प्रतियोगिता में अपने अभियान का शानदार आगाज किया।
बीसीसीआई कोचिंग कोर्स में अलंकार तिवारी को 97 प्रतिशत अंक : सरगुजा क्रिकेट के लिए एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। सरगुजा क्रिकेट संघ में पिछले दो वर्षों से कोच की भूमिका निभा रहे अलंकार तिवारी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की ओर से आयोजित लेवल-0 सर्टिफिकेशन कोर्स में 97 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। जारी परिणाम के अनुसार, उन्होंने संयुक्त रूप से सर्वाधिक अंक प्राप्त किए और लेवल-1 कोर्स के लिए पात्रता हासिल की है। अलंकार तिवारी पिछले दो वर्षों से युवा खिलाडि़यों को क्रिकेट का प्रशिक्षण दे रहे हैं।
वे बच्चों की तकनीक सुधारने, खेल की बारीकियां समझाने और मैदान पर बेहतर प्रदर्शन के लिए उन्हें लगातार मार्गदर्शन दे रहे हैं। कोचिंग के क्षेत्र में अपने ज्ञान और कौशल को आगे बढ़ाने के प्रयास में मिली यह सफलता उनके लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे सरगुजा में क्रिकेट प्रशिक्षण की गुणवत्ता और युवा खिलाडि़यों के विकास को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। सरगुजा क्रिकेट संघ के अध्यक्ष आदितेश्वर शरण सिंह देव ने अलंकार तिवारी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि वे पिछले दो वर्षों से बच्चों को प्रशिक्षण देने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। बीसीसीआई के कोर्स में 97 प्रतिशत अंक हासिल करना पूरे संघ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अलंकार अपने ज्ञान और अनुभव से युवा खिलाडि़यों को आगे बढ़ने में मदद करते रहेंगे। संघ के सचिव विनीत जायसवाल ने भी अलंकार तिवारी को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि को सराहनीय बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि अलंकार आगामी स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे और सरगुजा में क्रिकेट के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे। वहीं, संघ के कोषाध्यक्ष शैलू सिंह ने कहा कि सरगुजा की अंडर-14 टीम की शानदार जीत और कोच अलंकार तिवारी की बीसीसीआई लेवल-0 कोर्स में 97 प्रतिशत अंकों के साथ सफलता पूरे संघ के लिए गर्व की बात है। उन्होंने टीम के खिलाडि़यों और कोच अलंकार तिवारी को बधाई देते हुए आगामी मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
अगला मुकाबला बुधवार को बस्तर से : सरगुजा की अंडर-14 टीम अब बुधवार को इसी मैदान पर बस्तर के खिलाफ अपना अगला मुकाबला खेलेगी। पहले मैच में मिली शानदार जीत से उत्साहित टीम की कोशिश जीत की लय बरकरार रखते हुए अगले मुकाबले में भी बेहतर प्रदर्शन करने की होगी। टीम के साथ कोच मुजाहिद खान भी मौजूद हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur