मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर विपक्षी गठबंधन का लगातार चौथे दिन प्रदर्शन
नई दिल्ली,09 अक्टूबर 2026। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी गठबंधन ने शुक्रवार को लगातार चौथे दिन प्रदर्शन और मार्च निकाला। सबसे पहले पुराने संसद भवन के सेंट्रल हॉल में एक घंटे मीटिंग की। इसके बाद सांसदों ने संसद से राष्ट्रपति भवन तक पैदल मार्च किया। राहुल, ममता, खड़गे समेत 10 सांसदों का डेलीगेशन राष्ट्रपति से मिला। बाकी सांसदों ने विजय चौक पर धरना दिया। मीटिंग से बाहर आकर राहुल ने कहा कि पूरा देश जानता है कि देश में वोट चोरी हो रही है। राष्ट्रपति ने भी इससे इनकार नहीं किया। अब हम सोमवार को सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। विपक्षी सांसदों ने पिछले 4 दिनों में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ तीसरा मार्च निकाला है। इससे पहले 6 अक्टूबर को सेव डेमोक्रेसी मार्च निकाला था। फिर 7 मार्च को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए गए थे। रास्ते में रोक दिया गया। 8 अक्टूबर को कनॉट प्लेस से राजघाट तक मार्च निकाला था। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच इंडी गठबंधन ने शुक्रवार को अपना विरोध तेज करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। विपक्षी गठबंधन के नेताओं ने चुनावी प्रक्रिया से जुड़े अपने सवालों और चिंताओं को राष्ट्रपति के सामने रखा। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद कहा कि विपक्षी गठबंधन के नेताओं ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर कथित वोट चोरी के मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा- हमने पिछले चार दिनों से चल रहे आंदोलन और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े कथित गंभीर मामले को राष्ट्रपति के सामने उठाया। हमने उनसे मांग की है कि ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाएं। खड़गे ने बताया कि राष्ट्रपति ने वोट चोरी के आरोपों से जुड़े सबूत मांगे हैं। विपक्ष फिलहाल सबूत जुटा रहा है और उन्हें राष्ट्रपति को सौंपेगा।
खड़गे ने कहा कि राष्ट्रपति ने उनकी बातें ध्यान से सुनीं और मामले की विस्तार से जांच करने, संबंधित पक्षों से चर्चा करने तथा उचित कदम तय करने की बात कही।
राहुल बोले…ज्ञानेश कुमार वोट चोरी करा रहे हैं
राहुल ने कहा- राष्ट्रपति से मुलाकात अविश्वनीय रही। हमने इलेक्शन चोरी-वोट चोरी के बारे में बताया तो राष्ट्रपति ने इससे खंडन नहीं किया। उन्होंने कहा कि वे इसके बारे में सोचेंगी और एक्शन लेंगी। राष्ट्रपति ने हमसे सबूत मांगे हैं। ज्ञानेश कुमार ने भारत लोकतंत्र को तबाह किया है। ज्ञानेश कुमार वोट चोरी करा रहे हैं।
गौरव गोगोई बोले…वोट का अधिकार बचाना जरूरी
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने कहा, हम यह हर व्यक्ति के वोट के अधिकार को बचाने के लिए कर रहे हैं,चाहे उसकी विचारधारा कुछ भी हो। चाहे वह हमारा समर्थक हो या आलोचक। मेरा मानना है कि जो लोग हमारी पूरी चुनावी प्रक्रिया को बदनाम करने और उसमें गंदगी फैलाने का काम कर रहे हैं,वे देशद्रोही हैं।
ममता बनर्जी बोलीं…राष्ट्रपति
ने जांच का भरोसा दिया…

पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात के बाद कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति को एक ज्ञापन सौंपा है। राष्ट्रपति ने मामले की जांच करने और पूरे विवरण को देखने की बात कही है। उन्होंने संबंधित मामले के सबूत भी मांगे हैं, जिन्हें हमें उन्हें जल्द ही सौंप देंगे। ममता बनर्जी ने कहा कि देश इस मुद्दे को लेकर चिंतित है। इस मुद्दे पर हमने राष्ट्रपति से संविधान के संरक्षक के रूप में लोकतंत्र की रक्षा के लिए उचित कदम उठाने की अपील की। राष्ट्रपति की प्रतिक्रिया पॉजीटिव थी और उन्होंने मामले की जांच करने का आश्वासन दिया है। ममता ने कहा…हमें सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। उन्होंने कहा कि वह इसकी जांच करेंगी और पूरी जानकारी देखेंगी। उन्होंने सबूत मांगे हैं,जिन्हें भेजने की बात हमने कही है। देश इस मुद्दे को लेकर बहुत चिंतित है। आप संविधान की संरक्षक हैं, इसलिए लोकतंत्र की रक्षा के लिए उचित कदम उठाने चाहिए। उन्होंने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और कहा कि वह मामले की जांच करेंगी।
खेड़ा बोले…राष्ट्रपति भवन
लोकतंत्र का आखिरी प्रहरी
कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा, राष्ट्रपति भवन लोकतंत्र का आखिरी प्रहरी है। हम अपनी गुहार इसी आखिरी प्रहरी तक ले जा रहे हैं और उनसे इसे बचाने की अपील कर रहे हैं। लोकतंत्र और संविधान अपनी आखिरी सांसें गिन रहे हैं। अब इन्हें बचाने की जिम्मेदारी राष्ट्रपति की है।
शिवकुमार बोले…हम संविधान
की रक्षा करना चाहते हैं…
कर्नाटक सीएम डीके शिवकुमार ने कहा, हम संविधान की रक्षा करना चाहते हैं और हर वोटर के अधिकार की रक्षा करना चाहते हैं। इस सरकार को बर्खास्त किया जाना चाहिए। उन्होंने जिन-जिन चुनावों में जीत हासिल की है, वे सभी अवैध हैं। हम बैलेट पेपर की व्यवस्था फिर से लागू करना चाहते हैं और चुनाव आयुक्त को हटाया जाना चाहिए। कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा,हम शांतिपूर्वक सभी के पास जा रहे हैं और कह रहे हैं कि चुनाव आयोग द्वारा की जा रही इस वोट चोरी को रोका जाए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur