बीजापुर,22 सितम्बर 2026 । छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में मंगलवार को सुरक्षा बलों ने बड़ी मात्रा में हथियार,गोला-बारूद एवं अन्य सामग्री बरामद की। यह हथियार और सामग्री थाना बेदरे क्षेत्र के ग्राम लंका पहाड़ी के जंगल में जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया था। बरामद नक्सली डंप से एक एसएलआर एक एलएमजी रायफल,एक इंसास रायफल, एक 315 बोर बंदूक, दो बीजीएल लॉन्चर, 17 बीजीएल सेल और एक चाइना हैंड ग्रेनेड शामिल हैं। इसके अलावा 49 एसएलआर राउंड,315 बोर के 15 राउंड,15 बीजीएल कारतूस, चार एसएलआर मैगजीन तथा एक 315 बोर मैगजीन भी बरामद की गई है। बीजापुर एसपी उमेश कुमार गुप्ता ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सर्चिंग के दौरान डिमाइनिंग कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान जंगल में छिपाकर रखे गए डंप का पता चला। इसके बाद हथियार एवं अन्य सामग्री को जब्त कर लिया गया। पुलिस के अनुसार बीजापुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सुरक्षा बलों ने 20 सितंबर को थाना भैरमगढ़ क्षेत्र के आदवाड़ा के जंगल से एके-47, .315 बोर हथियार,सिंगल शॉट पिस्टल सहित जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद किए गए।
16 सितंबर को थाना फरसेगढ़ क्षेत्र के बड़ेआलवाड़ा जंगल से .315 बोर रायफल, 49 जिंदा राउंड, .303 के 25 जिंदा राउंड, 12 बोर के 49 जिंदा राउंड, करीब 8 किलोग्राम जिलेटिन, वॉकी-टॉकी सहित अन्य सामग्री मिले थे। 10 सितंबर को थाना मिरतुर क्षेत्र के इंद्रिपाल जंगल में अलग-अलग स्थानों से नॉन-इलेक्टि्रकल वायर के सात बंडल, डेटोनेटर और ग्रेनेड बरामद किए गए। वहीं 01 सितंबर को थाना भोपालपटनम क्षेत्र के नीलमड़गु जंगल से माओवादी डंप से 12 बोर का देशी कट्टा, एक बीजीएल लॉन्चर, आठ बीजीएल सेल, 12 बोर के 10 जिंदा राउंड सहित अन्य सामग्री बरामद की गई थी। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से जंगलों में नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए हथियारों और विस्फोटक सामग्री की बरामदगी का सिलसिला जारी है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur