कूटरचित दस्तावेज बनाकर तहसील में पेश की थी फर्जी रजिस्ट्री, एसडीओपी जांच में खुला मामला
रामचंद्रपुर,29 जुलाई 2026 । बलरामपुर जिले की रामचंद्रपुर पुलिस ने फर्जी भूमि रजिस्ट्री के एक गंभीर मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उन्होंने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी रजिस्ट्री बनवाई और उसे तहसील कार्यालय में प्रस्तुत कर जमीन पर अपना दावा मजबूत करने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम रेवतीपुर निवासी 80 वर्षीय अलाउद्दीन अंसारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी स्वामित्व वाली भूमि से जुड़ा विवाद वर्ष 2018-19 में ऑनलाइन भू-अभिलेख संधारण के दौरान उत्पन्न हुआ। शिकायत के अनुसार, उनके एक अन्य भू-खंड का खसरा नंबर 149/2 त्रुटिवश संतकुमार ठाकुर के नाम दर्ज हो गया।
रिकॉर्ड की त्रुटि का उठाया कथित लाभ
शिकायतकर्ता का कहना है कि रिकॉर्ड में हुई इस गलती के सुधार के लिए उन्होंने तहसील में आवेदन दिया था। इसी बीच संतकुमार ठाकुर ने कथित रूप से संबंधित भूमि के आधार पर बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण भी प्राप्त कर लिया, जिससे राजस्व रिकॉर्ड में सुधार की प्रक्रिया प्रभावित हो गई।
बाद में जब तहसील कार्यालय ने रजिस्ट्री की प्रति प्रस्तुत करने को कहा, तब संतकुमार ठाकुर ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर कथित रूप से कूटरचित एवं फर्जी रजिस्ट्री दस्तावेज तैयार किए और उन्हें तहसील रामचंद्रपुर में प्रस्तुत कर दिया। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर संबंधित राजस्व प्रकरण का निराकरण कर दिया गया।
एसडीओपी जांच में सामने आया फर्जीवाड़ा
शिकायत मिलने पर मामले की जांच एसडीओपी रामानुजगंज द्वारा कराई गई। जांच में दस्तावेजों में कथित फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद रामचंद्रपुर थाना में अपराध क्रमांक 35/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(3), 338, 336(3), 340(2) एवं 61(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
जांच अभी जारी
पुलिस का कहना है कि प्रकरण में दस्तावेजों की सत्यता, फर्जी रजिस्ट्री तैयार करने में अन्य लोगों की भूमिका तथा पूरे षड्यंत्र की विस्तृत जांच की जा रही है। यदि जांच में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur