Breaking News

बेंगलुरु@कर्नाटक में भीषण सड़क हादसा…लॉरी से टकराई कार,7 लोगों की मौत,दो गंभीर

Share


बेंगलुरु,09 जुलाई 2026। कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर येल्लापुर थाना क्षेत्र के अराबैल घाट स्थित बालागारा क्रॉस के पास रात करीब 1ः30 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, धारवाड़ से धर्मस्थल और चिकमगलूर की यात्रा पर जा रही एक एमयूवी (मल्टी यूटिलिटी व्हीकल) की सामने से आ रही लॉरी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के समय वाहन में चालक समेत नौ लोग सवार थे। घायल दोनों लोगों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हुबली के केआईएमएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। उनका उपचार जारी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि चालक संजीव कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान वाहन सड़क की दाईं ओर चला गया और अंकोला की ओर से आ रही लॉरी से आमने-सामने टकरा गया। पुलिस के अनुसार, चालक एक फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के साथ पार्ट-टाइम डिलीवरी एग्जीक्यूटिव के रूप में भी काम करता था। मृतकों की पहचान चालक संजय अंगड़ी (33), बसवराज (48), अभिषेक ईश्वर (28), अक्षय (26), अभिषेक (26), मंजूनाथ चुलाकी (32) तथा एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है। सभी मृतक धारवाड़ के निवासी थे और धार्मिक यात्रा पर निकले थे। सातवें मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है। घायल शिवराज की शिकायत के आधार पर येल्लापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 (तेज या लापरवाही से वाहन चलाना), 125(2) (दूसरों की जान या सुरक्षा को खतरे में डालकर गंभीर चोट पहुंचाना) और 106(1) (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


Share

Check Also

महाराष्ट्र@बाढ़ के पानी में बह गए 3000 एलपीजी गैस सिलेंडर,वायरल वीडियो ने बढ़ाई चिंता

Share महाराष्ट्र,09 जुलाई 2026। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी …

Leave a Reply