रामानुजगंज जिला जेल का निरीक्षण,कैदियों से किया संवाद कौशल विकास,स्वास्थ्य और सुरक्षा पर दिए अहम निर्देश
-संवाददाता-
बलरामपुर,05 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने शनिवार को जिला जेल रामानुजगंज का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जेल में निरुद्ध कैदियों की संख्या,सुरक्षा व्यवस्था,स्वास्थ्य सेवाओं और मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए जेल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि जेल केवल दंड देने का स्थान नहीं, बल्कि सुधार,पुनर्वास और नई शुरुआत का केंद्र होना चाहिए। कलेक्टर ने विभिन्न बैरकों का निरीक्षण कर कैदियों से सीधे संवाद किया और उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, समय पर उपचार तथा बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कैदियों को संबोधित करते हुए कलेक्टर ने सकारात्मक सोच अपनाने और खाली समय का रचनात्मक उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पुस्तकें, पत्र-पत्रिकाएं और समाचार-पत्र पढ़कर ज्ञान बढ़ाया जा सकता है, जिससे समाज की मुख्यधारा में लौटने का आत्मविश्वास भी विकसित होगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैदियों की कौशल विकास प्रशिक्षण में रुचि भी जानी। उन्होंने बताया कि जेल में एसी रिपेयरिंग, इलेक्ट्रीशियन, मोबाइल रिपेयरिंग सहित विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जा सकते हैं, जिससे रिहाई के बाद स्वरोजगार या रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। कलेक्टर ने जेल के रसोईघर और साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कैदियों को स्वच्छ, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बनाए रखने के लिए नियमित योगाभ्यास कराने पर भी जोर दिया। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जेल परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को हमेशा चालू और पूरी तरह कार्यशील रखने के निर्देश दिए, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके। निरीक्षण के अंत में कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि कैदियों के व्यक्तित्व विकास, कौशल संवर्धन और सकारात्मक जीवन दृष्टि विकसित करने के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए जाएं, ताकि वे समाज में सम्मानजनक जीवन जीने के लिए तैयार हो सकें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur