अफगानिस्तान में 35 नागरिकों की मौत का दावा
नई दिल्ली,29 जून 2026 । रविवार और सोमवार की दरमियानी रात, करीब 12.30 बजे, पाकिस्तान ने कराची में हुए एक आतंकी हमले का बदला लेने के बहाने अफगानिस्तान की संप्रभुता को गंभीर रूप से चुनौती दी। पाकिस्तानी वायुसेना ने अफगानिस्तान के पक्तिका प्रांत के गियान, पक्तिया प्रांत के चमकानी और कुनार प्रांत के मरवारा इलाकों में भीषण हवाई हमले किए। पाकिस्तान का आधिकारिक दावा है कि यह हमला तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान और जमात-उल-अहरार के ठिकानों को खत्म करने के लिए किया गया था। हालांकि, जमीनी हकीकत और वहां से आई हृदयविदारक तस्वीरें कुछ और ही कहानी बयां कर रही हैं। इन हमलों में 35 से अधिक निर्दोष नागरिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं। अफगानिस्तान से सामने आई तस्वीरों ने पाकिस्तान के सभी दावों को सिरे से खारिज कर दिया है। अस्पताल के वार्डों में दर्द से कराहते 4 से 9 साल के छोटे-छोटे बच्चे और बुजुर्गों की तस्वीरें मानवता को झकझोर रही हैं। यह स्पष्ट है कि निशाना आतंकी ठिकाने नहीं, बल्कि रिहायशी घर,स्कूल और मस्जिदें थीं। इसके बावजूद,पाकिस्तान के मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को गुमराह करने के लिए दावा किया कि उनकी वायुसेना ने 25 आतंकवादियों को मार गिराया है। यह झूठ का एक ऐसा पुलिंदा है जो मारे गए मासूम बच्चों के परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। हमले का सबसे दुखद और भयावह पहलू यह है कि यह ‘दोहरा हमला’ था।
रात 12.30 बजे पहले हमले के बाद, जब स्थानीय निहत्थे नागरिक मलबे में दबे अपनों को बचाने के लिए दौड़े और राहत कार्य में जुट गए, तो ठीक 12.55 बजे पाकिस्तानी विमानों ने दोबारा बमबारी की। इस कायरतापूर्ण हमले का एकमात्र उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को हताहत करना था। चमकानी क्षेत्र के एक प्रत्यक्षदर्शी, जो हाल ही में दुबई से लौटा था, ने बताया कि निशाना बनाए गए घरों में न तो कोई सैन्यकर्मी था और न ही कोई सरकारी अधिकारी। वहां सिर्फ आम नागरिक थे जो अपने परिवारों के साथ सो रहे थे। दूसरे हमले में बचाव कार्य में जुटे दर्जनों लोगों की जान चली गई।
आतंक विरोधी अभियान के नाम पर मानवाधिकारों का उल्लंघन
पाकिस्तान दुनिया के सामने खुद को आतंक का पीडि़त बताता है, लेकिन सच यह है कि पिछले नौ महीनों से वह लगातार अफगानिस्तान पर हमले कर रहा है। सितंबर से अब तक, पाकिस्तानी वायुसेना के इन तथाकथित ‘आतंक विरोधी अभियानों’ में 565 से अधिक आम अफगान नागरिक मारे जा चुके हैं। हैरानी की बात यह है कि हमलों की जद में आने वाले ज्यादातर स्थान आतंकी शिविर नहीं, बल्कि आम लोगों के घर, अस्पताल और स्कूल हैं। पाकिस्तान की इस नीति ने क्षेत्र में अस्थिरता को और बढ़ा दिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur