नई दिल्ली,14 जून 2026। ईरान और अमेरिका के बीच लंबे समय से जारी भीषण सैन्य युद्ध और दोनों पक्षों की ओर से हो रहे विनाशकारी हवाई हमलों के बीच आज एक राहत भरी खबर सामने आ रही है। वैश्विक व्यापार के लिए सबसे महत्वपूर्ण माने जाने वाले ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’के कई महीनों से पूरी तरह बंद रहने के बाद, आज दोनों देशों के बीच आयोजित होने वाली शांति वार्ता पर अंतिम मुहर लग सकती है। इस कूटनीतिक पहल से दोनों महाशक्तियों के बीच लंबे समय से चला आ रहा यह खूनी संघर्ष हमेशा के लिए समाप्त होने की उम्मीद जगी है। इसी ऐतिहासिक कूटनीतिक हलचल के बीच,ईरानी प्रशासन ने आधिकारिक तौर पर देश के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के विदाई समारोह, शोक जुलूस और उनके अंतिम संस्कार की तारीखों का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के सम्मान में अंतिम विदाई समारोह आगामी 4 और 5 जुलाई को तेहरान के ऐतिहासिक इमाम खुमैनी प्रार्थना स्थल पर आयोजित किया जाएगा। इसके बाद, 6 जुलाई को राजधानी तेहरान की सड़कों पर एक विशाल राष्ट्रीय शोक जुलूस निकाला जाएगा। विदाई का यह सिलसिला यहीं नहीं थमेगा; 7 जुलाई को ईरान के पवित्र शहर कोम में और 9 जुलाई को मशहद शहर में विशेष धार्मिक समारोहों का आयोजन किया जाएगा। सभी रस्मों के पूर्ण होने के बाद,अयातुल्ला अली खामेनेई के पार्थिव शरीर को मशहद में स्थित इमाम रज़ा के विश्व प्रसिद्ध और बेहद पवित्र तीर्थस्थल के भीतर पूरे राजकीय सम्मान के साथ दफनाया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur