- बलरामपुर के शंकरगढ़ क्षेत्र का मामला, शिकायत के बाद कार्रवाई की मांग
- पत्रकार सुरक्षा को लेकर उठे सवाल, स्थानीय पत्रकारों में नाराजगी
शंकरगढ़ (बलरामपुर),10 जून 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ क्षेत्र में एक पत्रकार को कथित रूप से खबर प्रकाशित करने से रोकने और दबाव बनाने के उद्देश्य से रास्ता रोककर धमकाने का मामला सामने आया है। पीड़ित पत्रकार ने कुछ लोगों पर गाली-गलौज, हाथापाई तथा झूठे मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम कोठली निवासी दयाशंकर यादव, जो एक निजी समाचार चैनल से जुड़े हैं, 8 जून की सुबह अपने गांव से शंकरगढ़ की ओर जा रहे थे। आरोप है कि नवाडीह कला-परसुआमा मार्ग के पास कुछ लोगों ने ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल खड़ी कर उनका रास्ता रोक लिया।
पीड़ित पत्रकार का आरोप है कि रास्ता रोकने के बाद संबंधित लोगों ने हाल में प्रसारित खबरों को लेकर आपत्ति जताई और अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर कथित रूप से हाथापाई की गई तथा भविष्य में उनके खिलाफ कोई खबर प्रकाशित या प्रसारित नहीं करने की चेतावनी दी गई।
पत्रकार का कहना है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने तथा किसी झूठे प्रकरण में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी। घटना के बाद उन्होंने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराने की पहल की है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पत्रकार सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद क्षेत्र के पत्रकारों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि यदि खबरों के कारण पत्रकारों को धमकाया जाता है तो यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए चिंता का विषय है। पत्रकार संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कार्रवाई का इंतजार
मामले में पुलिस को शिकायत दिए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से किसी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी थी। अब सबकी नजर इस बात पर है कि जांच के बाद पुलिस क्या कदम उठाती है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur