Breaking News

बिलासपुर@महिलाओं के धर्मांतरण पर सख्त कानून…अपराधियों के प्रति नरमी नहीं बिलासपुर में दो दिवसीय प्रवास पर कई कार्यक्रमों में शामिल : केंद्रीय मंत्री ठाकुर

Share


बिलासपुर,10 जून 2026। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने महिला अत्याचार और धर्मांतरण पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं को बहला-फुसलाकर धर्मांतरण कराने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, बेटियों के विरुद्ध जघन्य अपराध करने वालों के लिए कानून में कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। मंत्री ठाकुर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में शामिल होने बिलासपुर पहुंची थीं। अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने शहर में कई कार्यक्रमों में भाग लिया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल भले ही विपक्ष के असहयोग के कारण पारित नहीं हो पाया हो,लेकिन भविष्य में इसे पारित कराने का लक्ष्य है। ठाकुर ने महिला सुरक्षा, सुकन्या समृद्धि योजना,आयुष्मान भारत और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को मिल रहे लाभों का भी उल्लेख किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मेलन में विपक्ष पर निशाना साधते हुए मंत्री ठाकुर ने कहा कि जिन्होंने कभी संविधान का पालन नहीं किया, वे आज संविधान की बात कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाबा साहब अंबेडकर सहित देश के संविधान निर्माताओं की जयंती और पुण्यतिथि पहले कभी नहीं मनाई गई, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऐसे सभी नेताओं को पूरे देश में सम्मान दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि एक समय ऐसा था जब लोगों को जनसंघ पार्टी से चुनाव लड़ने के लिए कहा जाता था तो वे तैयार नहीं होते थे। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कठिन त्याग और संघर्ष किया, जिसकी बदौलत आज पार्टी सत्ता में है। ठाकुर ने प्रधानमंत्री के संकल्प का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली के लाल किले से प्रधानमंत्री ने एक लाख महिलाओं को राजनीति में लाने का संकल्प लिया है। इसी कार्यक्रम में केंद्रीय शहरी आवास राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यकाल एक स्वर्णिम युग है।
बिलासपुर के लिए 3 हजार करोड़ की योजनाएं स्वीकृत : अमर
पूर्व मंत्री और बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई। इस बैठक में बिलासपुर के लिए करीब 3 हजार करोड़ रुपए की विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई है। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं में एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की सुविधा, अरपा नदी का सौंदर्यीकरण, वृद्धाश्रम निर्माण समेत कई महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसी पार्टी है जो जनता के बीच जाकर अपने कामकाज का रिपोर्ट कार्ड पेश करती है। वहीं, विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार संकल्पों को धरातल पर उतारने का काम कर रही है।


Share

Check Also

अम्बिकापुर/पटना@विवाहिता की मौत के बाद विवाद,पिता ने पति पर लगाया जबरन जहर खिलाने का आरोप

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर/पटना,12 जून 2026 (घटती-घटना)। कोरिया जिले की एक विवाहिता की कीटनाशक सेवन से मौत …

Leave a Reply