रांची 8 जून 2026। झारखंड की राजधानी रांची के मांडर थाना क्षेत्र अंतर्गत करगे गांव से इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां रात 9 दरिंदों ने मिलकर एक युवती को उसके ही घर से जबरन अगवा कर लिया और करगे नदी के किनारे सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। इस रोंगटे खड़े कर देने वाले कांड को अंजाम देने के बाद शनिवार की सुबह सभी आरोपी पीड़िता को बदहवास हालत में नदी किनारे छोड़कर फरार हो गए। हालांकि, इस मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 8 घंटे के भीतर सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया है।
प्रेमी गया था केरल, अकेली पाकर घर में घुसे दरिंदे
मिली जानकारी के अनुसार, मांडर थाना क्षेत्र की रहने वाली यह युवती पिछले लगभग 2 वर्षों से गांव के ही एक युवक के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रही थी। करीब डेढ़ महीने पहले उसका पार्टनर काम की तलाश में झारखंड से बाहर केरल चला गया था, जिसके बाद से युवती घर में अकेली ही रह रही थी। इसी बात का फायदा उठाकर देर शाम गांव और उसके आसपास के रहने वाले 9 युवक जबरन उसके घर में घुस आए। आरोपी युवती को उसके घर से ही उठा ले गए और गांव के बाहर नदी के सुनसान किनारे पर ले जाकर बारी-बारी से उसके साथ दरिंदगी की।
बदहवास हालत में थाने पहुंची पीड़िता, एसएसपी ने बनाई स्पेशल टीम
शनिवार सुबह जब आरोपी उसे गंभीर हालत में छोड़कर भाग गए, तो पीड़िता ने किसी तरह हिम्मत जुटाई और मांडर थाना पहुंचकर अपने साथ हुई इस बर्बरता की लिखित शिकायत दर्ज कराई। गैंगरेप जैसी गंभीर वारदात की सूचना मिलते ही रांची के एसएसपी (SSP) ने तुरंत संज्ञान लिया और खलारी डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। इस टीम में मांडर, चान्हो, बुढ़मू और ठाकुरगांव थाने के भारी पुलिस बल को शामिल किया गया। पुलिस ने विभिन्न तकनीकी पहलुओं, मोबाइल लोकेशन और पीड़िता द्वारा दिए गए हुलिए के आधार पर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू की।
8 घंटे में सभी आरोपी दबोचे, पुलिस ने जारी की नामजद लिस्ट
एसएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 8 घंटे के अंदर घटना में शामिल सभी 8 बालिग आरोपियों को धर दबोचा है, जबकि एक कानून का उल्लंघन करने वाले नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान आयुष उरांव, पापड़ मुंडा उर्फ प्रकाश मंडा, रामलुस कुजूर, रंजीत उरांव, उमेश भगत, दीपक उरांव, राम उरांव और विकास उरांव के रूप में हुई है। पुलिस इन सभी के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur