Breaking News

अम्बिकापुर@राष्ट्रपति शासन की मांग कर कांग्रेस लोकतंत्र का मजाक उड़ा रही : भारत सिंह सिसोदिया

Share


भाजपा जिलाध्यक्ष बोले- आपातकाल थोपने वाली कांग्रेस आज संविधान और लोकतंत्र की दुहाई देकर जनता को गुमराह करने में लगी

अम्बिकापुर,04 जून 2026 (घटती-घटना)। भारतीय जनता पार्टी सरगुजा के जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा द्वारा छत्तीसगढ़ में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग को लोकतंत्र और जनता के जनादेश का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने वर्ष 1975 में देश पर आपातकाल थोपकर लोकतंत्र का गला घोंटा था, वही आज लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की बात कर रही है। सिसोदिया ने कहा कि सीतापुर की एक घटना को आधार बनाकर पूरे प्रदेश में संवैधानिक तंत्र विफल होने का आरोप लगाना पूरी तरह राजनीति से प्रेरित है। संबंधित मामले में कानून के अनुसार अपराध दर्ज किया गया है और जांच की प्रक्रिया जारी है। किसी एक घटना के आधार पर राष्ट्रपति शासन की मांग करना कांग्रेस की राजनीतिक हताशा को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का इतिहास लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और राज्यों में राष्ट्रपति शासन लगाने के उदाहरणों से भरा पड़ा है। देश ने आपातकाल, बोफोर्स घोटाला, 2जी स्पेक्ट्रम घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला और कोयला आवंटन जैसे मामलों को देखा है, जिन्होंने कांग्रेस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए। भाजपा जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान कथित शराब घोटाला, कोयला लेवी प्रकरण, महादेव सट्टा एप मामला, पीएससी भर्ती विवाद और अन्य वित्तीय अनियमितताओं को लेकर लगातार सवाल उठते रहे। कई मामलों में जांच एजेंसियों ने कार्रवाई भी की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। कांग्रेस जनता के मुद्दों पर सकारात्मक राजनीति करने के बजाय भ्रम फैलाने और राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। सिसोदिया ने कांग्रेस से लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करते हुए जनता के जनादेश का सम्मान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस के दोहरे चरित्र को अच्छी तरह समझती है और विकास एवं सुशासन के लिए कार्यरत भाजपा सरकार के साथ खड़ी है।


Share

Check Also

सूरजपुर/भैयाथान@ एक दिन का कार्यवाहक सचिव,सात माह पुराना आदेश और फिर बहाली! सोनपुर समिति में नियमों पर सवाल

Share जिसे समिति कर्मचारी नहीं मानती,उसकी वापसी की तैयारी! श्यामलाल सिंह की भूमिका पर उठे …

Leave a Reply