दो नामजद आरोपियों के सरेंडर के बाद बनी सहमति, मांगें पूरी नहीं होने पर फिर शुरू हो सकता है आंदोलन
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,04 जून 2026 (घटती-घटना)। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और राजापुर उप तहसील के नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच हुए विवाद मामले में नया मोड़ आ गया है। मामले में नामजद दो आरोपियों के सरेंडर करने तथा पुलिस द्वारा चेकलिस्ट में दर्ज बिंदुओं पर कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ और राजस्व विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल 15 दिनों के लिए स्थगित कर दी है। लगातार आठ दिनों तक चले आंदोलन से तहसील, एसडीएम कार्यालय सहित अन्य राजस्व कार्यालयों का कामकाज प्रभावित रहा। हड़ताल के कारण नामांतरण,बंटवारा,आय,जाति और निवास प्रमाण पत्र समेत कई राजस्व संबंधी कार्य लंबित हो गए थे, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। संघ और प्रशासन के बीच हुई चर्चा में 15 दिनों के भीतर सीतापुर विधायक तथा एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर सहमति बनी है। इसके बाद गुरुवार से अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने कार्यालयों में लौट आए हैं। तहसील, एसडीएम और राजस्व विभाग के अन्य कार्यालयों में नियमित कामकाज भी शुरू हो गया है। हड़ताल के दौरान लंबित हुई फाइलों के निपटारे के लिए विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। आंदोलन स्थगित होने से आम लोगों को राजस्व संबंधी सेवाएं अब फिर से नियमित रूप से मिल सकेंगी। अंबिकापुर तहसीलदार विकास जिंदल ने बताया कि कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के निर्देश पर आंदोलन को 15 दिनों के लिए स्थगित किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित अवधि के भीतर संगठन की मांगें पूरी नहीं होती हैं तो पदाधिकारियों के निर्देश पर दोबारा आंदोलन शुरू किया जा सकता है।
filter: 0; jpegRotation: 0; fileterIntensity: 0.000000; filterMask: 0;
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur