वडोदरा,02 जून 2026। गुजरात के वडोदरा जिले की मांजलपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और विधायक योगेशभाई नारायणदास पटेल का आज मंगलवार को निधन हो गया। वह पिछले एक सप्ताह से एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन थे। वे लंबे समय से हृदय एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। योगेश पटेल के निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। योगेश पटेल वडोदरा की राजनीति में एक मजबूत और प्रभावशाली नेता के रूप में जाने जाते थे। उन्होंने वर्षों तक रावपुरा और मांजलपुर क्षेत्र की जनता की सेवा की तथा वडोदरा के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन से गुजरात की राजनीति ने एक अनुभवी और जनप्रिय नेता को खो दिया है। उन्हें 8 बार विधायक बनने का गौरव हासिल था। वे वर्ष 1990 में जनता पार्टी के टिकट पर पहली बार विधायक निर्वाचित हुए। वर्ष 1995 में भाजपा में शामिल हुए। इसके बाद रावपुरा विधानसभा सीट से 5 बार विधायक बने। मांजलपुर विधानसभा सीट से लगातार 3 बार चुनाव जीते। कॉलेज के दिनों में योगेश पटेल ने महंगाई, दूध और खाद्य तेलों की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कई आंदोलन किए। उस समय स्कूलों में बढ़ती फीस और कथित अनियमितताओं के विरोध में उन्होंने विद्यार्थी हितरक्षक समिति का गठन किया और व्यापक आंदोलन चलाया। उनके आंदोलनों की गूंज दिल्ली तक पहुंची, जिसके बाद सरकार को फीस नियमन से संबंधित कानून बनाने की दिशा में कदम उठाने पड़े।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur