
- दो पन्नों में दर्ज था पूरा खेल! सट्टा कारोबारियों की सूची पहुंची अफसरों तक, कार्रवाई अब भी गायब
- सूत्रों का दावा: थाना से एसपी ऑफिस तक पहुंची सट्टेबाजों की सूची, फिर भी सिस्टम खामोश
- एमसीबी में कौन चला रहा सट्टा-जुआ का नेटवर्क? 19 नामों वाली सूची ने बढ़ाई हलचल
- कार्रवाई से पहले लीक हो गई सूची! एमसीबी में सट्टा कारोबार पर बड़े सवाल
- एक पन्ना आया सामने,दूसरा अब भी रहस्य! सट्टा-जुआ कारोबारियों की सूची से मचा हड़कंप
- सूची में नाम,सिस्टम में सन्नाटा! एमसीबी के सट्टा कारोबार पर उठे गंभीर सवाल
- सट्टा कारोबारियों की कथित सूची वायरल, कार्रवाई क्यों नहीं? एमसीबी पुलिस पर उठे सवाल
- थानेदार से अफसर तक पहुंची जानकारी, फिर भी सट्टा कारोबार पर लगाम नहीं!
- एमसीबी में ‘कौन किसके संरक्षण में’? सट्टा-जुआ सूची ने खोली सिस्टम की परतें
- सूत्र बोले—पन्ना अफसरों के पास, सिस्टम बोला—”देखते हैं”
मनेन्द्रगढ़,09 मई 2026 (घटती-घटना)। जिले में लंबे समय से चल रहे कथित सट्टा और जुआ कारोबार को लेकर अब एक नई चर्चा ने जोर पकड़ लिया है, सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की एक हस्तलिखित सूची दैनिक घटती-घटना के हाथ लगी है। बताया जा रहा है कि इस सूची में कुल 19 नाम दर्ज हैं, जिन्हें कथित रूप से जिले में संचालित सट्टा और जुए के कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है,सूत्रों का कहना है कि यह सूची कुल दो पन्नों में तैयार की गई थी और दोनों पन्नों में मिलाकर लगभग 30 नाम शामिल थे,हालांकि फिलहाल केवल एक पन्ना ही उपलब्ध हो सका है, जबकि दूसरा पन्ना अब तक सामने नहीं आया है,लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि यह सूची वास्तव में अधिकारियों तक पहुंच चुकी है,तो फिर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
छोटों पर कार्रवाई,बड़े नामों पर खामोशी?
जिले में समय-समय पर पुलिस द्वारा छोटे स्तर पर जुआ और सट्टा मामलों में कार्रवाई की खबरें सामने आती रही हैं, लेकिन सूत्रों का आरोप है कि बड़े नेटवर्क तक कार्रवाई शायद ही कभी पहुंच पाती है,अब सूची सामने आने के बाद लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या कार्रवाई केवल छोटे लोगों तक सीमित रहती है? क्या बड़े नामों तक पहुंचते-पहुंचते सिस्टम की गति धीमी पड़ जाती है? या फिर कार्रवाई किसी अदृश्य दबाव में अटक जाती है?
दैनिक घटती-घटना की पड़ताल जारी…
दैनिक घटती-घटना को सूत्रों के माध्यम से मिले इस कथित दस्तावेज की स्वतंत्र पुष्टि फिलहाल नहीं हो सकी है,समाचार पत्र केवल सूत्रों के हवाले से उपलब्ध जानकारी को सामने ला रहा है,फिलहाल अब सबकी नजर पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन पर टिक गई है कि क्या इस सूची को लेकर कोई जांच शुरू होगी या मामला चर्चाओं तक ही सीमित रह जाएगा,क्योंकि यदि सूची में दर्ज दावे सही हैं,तो सवाल केवल अवैध कारोबार का नहीं बल्कि कार्रवाई की निष्कि्रयता का भी है।
प्रशासनिक चुप्पी बनी चर्चा का कारण
अब तक इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है,न सूची की पुष्टि की गई है और न ही उसका खंडन,यही चुप्पी अब चर्चाओं को और हवा दे रही है,यदि सूची गलत है तो उस पर स्पष्टीकरण क्यों नहीं? और यदि सूची सही है तो कार्रवाई क्यों नहीं?
अब सबकी नजर पुलिस प्रशासन पर…
फिलहाल जिले की जनता की नजर पुलिस प्रशासन पर टिक गई है,लोग इंतजार कर रहे हैं कि क्या इस कथित सूची को लेकर कोई जांच शुरू होगी या मामला अन्य चर्चित फाइलों की तरह धीरे-धीरे ठंडे बस्ते में चला जाएगा,क्योंकि यदि सूची सही है तो सवाल कानून व्यवस्था पर है…और यदि गलत है तो सवाल अफवाह फैलाने वालों पर,लेकिन अभी तक स्थिति यही है कि सूची चर्चा में है…नाम चर्चा में हैं…और कार्रवाई अब भी चर्चा से बाहर दिखाई दे रही है।
सूत्रों का दावा है की अधिकारियों की टेबल तक पहुंच चुका है पन्ना
सूत्रों के अनुसार यह सूची केवल किसी आम व्यक्ति तक सीमित नहीं रही,बल्कि जिले के कई जिम्मेदार अधिकारियों तक भी पहुंच चुकी है, सूत्रों का दावा है कि कथित सूची थाना प्रभारियों,एडिशनल एसपी और यहां तक कि एसपी कार्यालय तक भी पहुंचाई गई थी,इसके बावजूद अब तक किसी बड़े स्तर की कार्रवाई सामने नहीं आई है, यही वजह है कि अब जिले में चर्चा तेज हो गई है कि आखिर कार्रवाई किस वजह से रुकी हुई है?
दो पन्नों की सूची,लेकिन सामने केवल एक
सूत्रों के मुताबिक कुल दो पन्नों में तैयार इस कथित सूची में लगभग 30 लोगों के नाम थे,फिलहाल दैनिक घटती-घटना को केवल एक पन्ना ही उपलब्ध हो सका है,जिसमें 19 नाम दर्ज बताए जा रहे हैं,दूसरे पन्ने को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं,कुछ लोगों का कहना है कि दूसरे पन्ने में ऐसे नाम हैं जिन्हें सार्वजनिक होने से बचाया जा रहा है,वहीं कुछ लोग इसे प्रशासनिक दबाव का परिणाम बता रहे हैं, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
हस्तलिखित सूची ने बढ़ाई हलचल
सूत्रों से मिली सूची हस्तलिखित बताई जा रही है,इसमें कई नामों के साथ कथित तौर पर उनके क्षेत्र और संचालन स्थान का भी उल्लेख किया गया है,यही वजह है कि सूची सामने आने के बाद जिले में चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है,चाय की दुकानों से लेकर सोशल मीडिया तक अब यही सवाल पूछा जा रहा है कि यदि सिस्टम को पहले से जानकारी थी,तो फिर कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
टेबल तक पहुंची फाइल,लेकिन फाइलों में ही कैद कार्रवाई
जिले में व्यंग्यात्मक अंदाज में लोग अब यह कहते नजर आ रहे हैं कि एमसीबी में कार्रवाई से पहले फाइलें ज्यादा दौड़ती हैं,कहा जा रहा है कि सूची अफसरों की टेबल तक तो पहुंच गई,लेकिन कार्रवाई शायद अब भी किसी नोटशीट में अटकी हुई है,कुछ लोग यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि जिले में अवैध कारोबार पर कार्रवाई से पहले अनुमति का मौसम देखा जाता है।
कार्रवाई से कोसों दूर सिस्टम?
एमसीबी जिले में लंबे समय से अवैध सट्टा और जुए के कारोबार को लेकर चर्चाएं होती रही हैं, समय-समय पर पुलिस छोटे स्तर की कार्रवाई जरूर करती रही है,लेकिन सूत्रों का आरोप है कि बड़े नेटवर्क तक शायद ही कभी हाथ पहुंच पाता है,अब जब कथित सूची सामने आई है तो लोगों का सवाल और भी बड़ा हो गया है,यदि नामों की जानकारी पहले से अधिकारियों के पास थी तो क्या कार्रवाई जानबूझकर रोकी गई? क्या केवल छोटे खिलाडि़यों पर कार्रवाई होती है? क्या बड़े नामों तक पहुंचते-पहुंचते सिस्टम की रफ्तार धीमी पड़ जाती है? यही सवाल अब जिले की गलियों, चौक-चौराहों और सोशल मीडिया में चर्चा का विषय बने हुए हैं।
डिस्क्लेमर
इस समाचार में प्रकाशित जानकारी सूत्रों एवं उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर प्रस्तुत की गई है, समाचार पत्र दैनिक घटती-घटना किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता, प्रकाशित सूची एवं उसमें दर्ज नामों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित पुलिस अथवा प्रशासनिक विभाग द्वारा नहीं की गई है, समाचार का उद्देश्य केवल जनहित में प्राप्त सूचनाओं को सामने लाना है, यदि किसी व्यक्ति अथवा पक्ष को प्रकाशित सामग्री पर आपत्ति हो तो वह अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत कर सकता है,जिसे प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur