Breaking News

अम्बिकापुर@राशन नहीं मिलने से ग्रामीणों का फूटा गुस्सा…देर रात तक हंगामा

Share

  • तीन दिन से सुबह 3 बजे से लग रही लाइन,पुलिस के हस्तक्षेप से शांत हुआ मामला
  • मार्च और अप्रैल माह का राशन नहीं मिलने से ग्रामीणों में आक्रोश
  • लखनपुर विकासखंड के ग्राम रजपुरीकला स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान का मामला


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,01 मई 2026 (घटती-घटना)। लखनपुर विकासखंड के ग्राम रजपुरीकला स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण में गड़बड़ी को लेकर गुरुवार देर रात ग्रामीणों का आक्रोश भडक गया। सैकड़ों हितग्राहियों को राशन नहीं मिलने से नाराज ग्रामीणों ने दुकान संचालक का घेराव कर दिया। स्थिति बिगडऩे पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिसके बाद मामला शांत हुआ। ग्रामीणों के अनुसार, मार्च और अप्रैल माह का राशन अब तक सैकड़ों लोगों को नहीं मिला है। बीते तीन दिनों से ग्रामीण सुबह 3 बजे से ही लाइन में लग रहे हैं, लेकिन देर रात तक भी राशन वितरण नहीं किया गया। गुरुवार को भी सुबह से लाइन में लगे करीब 250-300 हितग्राहियों को राशन नहीं मिलने पर उनका धैर्य टूट गया और रात में उन्होंने संचालक को घेर लिया। सूचना पर लखनपुर थाना प्रभारी संपत पोटाई मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से चर्चा कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने संबंधित अधिकारियों से बात कर शुक्रवार सुबह समाधान का आश्वासन दिया,तब जाकर ग्रामीण शांत हुए।
ग्रामीणों का आरोपः
मनमानी से खुलती है दुकान

ग्रामीणों—विमला,धनीराम प्रजापति, भुवनेश्वरी,सुमनिया,चंदा,सुनीता प्रजापति सहित अन्य—ने आरोप लगाया कि दुकान संचालक मनमाने ढंग से दुकान खोलता है। महीने में कुछ ही दिन दुकान खुलती है और तब भी पूरा राशन नहीं दिया जाता। राशन मांगने पर अभद्र व्यवहार किया जाता है। मजबूरी में कई परिवार बाजार से चावल खरीदकर गुजारा कर रहे हैं।
संचालक ने मानी लापरवाही
दुकान संचालक हरेंद्र प्रसाद राजवाड़े ने बताया कि समय पर राशन का आवंटन नहीं होने के कारण दिक्कत हुई। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि उनकी लापरवाही से वितरण प्रभावित हुआ। उनके अनुसार, वे पुहपुटरा और रजपुरीकला, दोनों दुकानों का संचालन कर रहे हैं।
जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन
हंगामे के बाद शुक्रवार को जिला खाद्य अधिकारी एस.बी. कामटे, तहसीलदार अमन चतुर्वेदी और खाद्य निरीक्षक सतपाल सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर नियमित राशन वितरण का भरोसा दिलाया। साथ ही,वर्तमान संचालक को हटाकर नए व्यक्ति की नियुक्ति करने की बात भी कही गई है।
लगातार सामने आ रहीं शिकायतें
क्षेत्र में राशन वितरण में गड़बड़ी की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में अब देखना होगा कि प्रशासन कब तक व्यवस्था सुधारकर हितग्राहियों को समय पर राशन उपलब्ध करा पाता है।


Share

Check Also

सूरजपुर,@अवैध शराब पर शिकंजा

Share सूरजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई,तस्कर गिरफ्तारसूरजपुर,01 मई 2026 (घटती-घटना)। अंतरराष्ट्रीय जिले में अवैध गतिविधियों …

Leave a Reply