
अम्बिकापुर,26 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-01 के ग्राम बलसेड़ी में प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दिव्या सिंह सिसोदिया के साथ कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम के दौरान जन चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। श्रीमती सिसोदिया ने सभी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। इसी क्रम में श्रीमती दिव्या सिंह सिसोदिया द्वारा बलसेड़ी स्थित शिव मंदिर के लगभग 5 लाख रुपये की लागत से होने वाले जीर्णोद्धार कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है। कार्यक्रम में परसा मंडल महामंत्री अमृत लाल यादव,युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष रोहन मंडल, रमेश कुमार चेरवा, सरपंच हुबलाल, कुल्हाड़ी सरपंच करमचंद्र, मोती यादव, अनिल ठाकुर, चंद्रिका यादव, रमेश ठाकुर, गायत्री ठाकुर, शामिल राम, बालकुमारी सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur