टिहरी,23 अप्रैल 2026। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में गुरुवार को एक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई,जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसा चंबा-कोटि मार्ग पर नैल के पास उस समय हुआ जब एक यूटिलिटी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ,फायर सर्विस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। एसडीआरएफ की ओर से स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। अब तक दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया है। हादसे में घायल दो व्यक्तियों को जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती कराया गया है। दोनों घायलों की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। सड़क हादसे में मृतक और घायल सभी लोग घनसाली क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सभी लोग ऋषिकेश से एक क्रियाकर्म में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी नैल के पास उनका वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। जानकारी के अनुसार वाहन में 10 लोग सवार बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है,हालांकि स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। राहत एवं बचाव कार्य जारी है। प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।घायलों में उत्तम (30) पुत्र पुस्सू, निवासी ग्राम लोस्तु बडि़यारगढ़ तथा अंकित (22) पुत्र आशा लाल, निवासी ग्राम नेलचामी, घनसाली शामिल हैं। घटनास्थल पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल,टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, शक्तिलाल शाह और नगरपालिका अध्यक्ष आनंद बिष्ट और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे मौजूद रहकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने घायलों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur