13 की मौत,10 शव बरामद
3 लोगों के शरीर के हिस्से बिखरे मिले,40 मजदूर काम कर रहे थे…
त्रिशूर ,21 अप्रैल 2026 । केरलम के त्रिशूर जिले में मंगलवार दोपहर 3.30 बजे पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई। फैक्ट्री में कई लोग झुलस गए। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, मौके से 10 शव मिले,जबकि 3 लोगों के शरीर के हिस्से मिले है। 5 घायलों की हालत गंभीर है। 17 लोगों को मामूली चोटें आई हैं। पटाखे खेतों के बीच बने शेड में बनाए जा रहे थे। हादसे के समय करीब 40 लोग मौजूद थे। फायर ब्रिगेड, पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं,लेकिन रुक-रुक कर विस्फोट होने से रेस्क्यू में दिक्कत आई।
त्रिशूर पूरम पर्व के लिए तैयार किये जा रहे थे पटाखे
अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा एक शेड में हुआ जहां मंदिर देवस्वओम की ओर से त्रिशूर पूरम पर्व के लिए पटाखें तैयार किए जा रहे थे। त्रिशूर पूरम पर्व 26 अप्रैल को है। घटना के बाद राज्य के सीएम पिनराई विजयन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान की जाए। उन्होंने बचाव और राहत कार्यों चुस्ती से करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने मुख्य सचिव से बात कर यह निर्देश दिया कि यदि आवश्यकता हो,तो गंभीर रूप से झुलसे लोगों के इलाज के लिए राज्य के बाहर के विशेषज्ञ चिकित्सकों की भी मदद ली जाए। मुख्यमंत्री ने लोगों की मौत पर गहरा शोक जताया है। राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे घायलों के लिए विशेष उपचार तय करें। वीना जार्ज ने इमरजेंसी के लिए सरकारी एम्बुलेंस सेवा सहित अतिरिक्त एम्बुलेंस और चिकित्सा दलों को घटनास्थल पर तैनात करने को कहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया आंखों देखा हाल
स्थानीय लोगों ने बताया कि विस्फोट दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुआ और इसके बाद इलाके में रुक-रुक कर हुए धमाके होते रहे। इसके कारण बचाव कार्य में भी काफी बाधा आई। धान के खेत के बीच एक सुनसान जगह पर निर्मित कई अस्थायी ‘शेड’ में पटाखें बनाए जा रहे थे। घटना स्थल पर पहुंचे एक अधिकारी ने बताया कि वहां लगभग 40 श्रमिकों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई थी, जिससे यह संकेत मिलता है कि हादसे के समय कम से कम इतने लोग वहां मौजूद रहे होंगे। यह माना जा रहा है कि कुछ कर्मचारी मामूली जख्मों के साथ सुरक्षित निकलने में कामयाब रहे।
कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई विस्फोट की आवाज
वडाकनचेरी नगर पालिका के अध्यक्ष पीएन सुरेंद्रन ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद बताया कि धमाके काफी देर तक जारी रहे। उन्होंने बताया कि विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और आसपास के घरों को भी नुकसान पहुंचा है। त्रिशूर के जिलाधिकारी ने घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। एक बयान के अनुसार, त्रिशूर के उप जिलाधिकारी को विस्फोट के कारणों और उसके बाद हुए नुकसान की विस्तृत जांच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
केंद्र सरकार किया मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्रिशूर विस्फोट में हुई जानमाल की हानि पर गहरा दुख जताया है। मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा- प्रधानमंत्री ने घोषणा की है कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
मृतकों के परिवार को 2-2 लाख का मुआवजा
पीएम मोदी ने हादसे में मरने वाले लोगों के लिए संवेदना जताई और मृतकों के परिवार को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार के मुआवजे का ऐलान किया है। पीएम ने कहा- जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur