Breaking News

अनूपपुर@ मध्य प्रदेश के अनूपपुर में ट्रैक्टर पलटने से 4 दोस्तों की मौत

Share

,
गांव में पसरा मातम
अनूपपुर,19 अप्रैल 2026 ।
मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में रविवार सुबह एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गया, जिससे सभी युवक उसके नीचे दब गए। बताया गया कि डिंडौरी जिले के रहने वाले चार दोस्त ट्रैक्टर से गिट्टी लेने जा रहे थे, तभी रास्ते में उनका वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और सभी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार डिंडौरी जिले के करंजिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भीमकुंडी के रहने वाले चार युवक ट्रैक्टर लेकर अनूपपुर के पौनी गांव की ओर जा रहे थे। उनका उद्देश्य क्रेशर से गिट्टी लाना था। सुबह करीब छह बजे करन पठार थाना क्षेत्र के ठाड़ पाथर के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। देखते ही देखते ट्रैक्टर सड़क से नीचे उतरकर गहरे गड्ढे में जा पलटा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर और ट्रॉली के नीचे दबते ही सभी युवकों की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन स्थिति बेहद गंभीर थी। ट्रैक्टर का इंजन और भारी हिस्सा युवकों के ऊपर ही था, जिससे उन्हें निकालना बेहद मुश्किल हो रहा था। इसके बाद पुलिस ने जेसीबी मशीन बुलवाई और कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को हटाकर शवों को बाहर निकाला गया। इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अंकुश उइके (24), ब्रजेश पेंदो (18), रवींद्र कुमार गोयल और 15 वर्षीय प्रकाश मार्को के रूप में हुई है। इनमें से एक युवक नाबालिग भी था। सभी मृतक भीमकुंडी गांव के निवासी थे और आपस में अच्छे दोस्त बताए जा रहे हैं। घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। चार युवकों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर किसी की आंखें नम हैं। मामले को लेकर अनूपपुर पुलिस अधीक्षक मोतिउर रहमान ने बताया कि सभी मृतक डिंडौरी जिले के निवासी थे और हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने कहा कि फिलहाल मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है, हालांकि तकनीकी खराबी या चालक की लापरवाही जैसे पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों को हर संभव सहायता देने की बात कही जा रही है।


Share

Check Also

उज्जैन@ उज्जैन में मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास

Share अब स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी,पिंडदान के साथ त्यागा पिछला जीवनउज्जैन,19 …

Leave a Reply