गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खुले
जय मां गंगा-यमुना’ के गूंजे जयघोष
नई दिल्ली,19 अप्रैल 2026 । अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर रविवार से चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया। वैदिक मंत्रोच्चारण, धार्मिक अनुष्ठानों और ‘जय मां गंगा-यमुना’ के जयघोष के बीच गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इस शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे और उन्होंने इस दिव्य क्षण का साक्षी बनकर यात्रा के महत्व को और बढ़ाया। गंगोत्री धाम में कपाट खुलने के समय हजारों श्रद्धालु मंदिर परिसर में मौजूद रहे। पूरा वातावरण ‘हर-हर गंगे’ और ‘मां गंगा की जय’ के नारों से गूंज उठा। निर्धारित शुभ मुहूर्त के अनुसार दोपहर 12ः15 बजे कपाट खोले गए। इस दौरान श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जिससे माहौल और भी भक्तिमय हो गया। इससे पहले सुबह तड़के मां गंगा की उत्सव डोली भैरव घाटी से गंगोत्री के लिए रवाना हुई। भैरव घाटी में विशेष पूजा-अर्चना के बाद डोली यात्रा आगे बढ़ी। मंदिर समिति के अनुसार विधि-विधान से गंगा पूजन, गंगा सहस्रनाम पाठ और विशेष अनुष्ठान संपन्न कर कपाट खोले गए। पहले ही दिन हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
नई दिल्ली@ चुनाव से पहले ईडी का बड़ा एक्शन, ममता के करीबी डीसीपी के घर छापा

नई दिल्ली,19 अप्रैल 2026। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में रविवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय ने कोलकाता के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। ईडी की टीम ने बल्लीगंज स्थित कोलकाता पुलिस के उपायुक्त शांतनु सिन्हा बिस्वास के आवास पर छापा मारा। इसके अलावा बेहाला इलाके में सन एंटरप्राइज के प्रबंध निदेशक जॉय कामदार के घर पर भी कार्रवाई की गई। सूत्रों के अनुसार,गोलपार्क स्थित शांतनु सिन्हा के आवास के साथ ही पास में मौजूद एक सरकारी प्रशिक्षण केंद्र को भी जांच के दायरे में लिया गया, हालांकि वह केंद्र सुबह से बंद बताया गया। शांतनु सिन्हा को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का करीबी अधिकारी माना जाता है। हाल ही में उन्हें राज्य सरकार के धरने के दौरान मुख्यमंत्री के मंच पर भी देखा गया था। उस समय कोलकाता पुलिस ने स्पष्ट किया था कि वे सुरक्षा व्यवस्था के तहत वहां मौजूद थे।
ईडी यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत कर रही है। कोयला घोटाले से जुड़े मामले में एजेंसी ने 28 मार्च 2026 को शांतनु सिन्हा को नोटिस जारी किया था और 6 अप्रैल को पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि, उन्होंने समन को चुनौती देते हुए हाई कोर्ट का रुख किया था। इसके अलावा मेडिकल एनआरआई कोटा एडमिशन घोटाले में भी ईडी ने उन्हें तलब किया था।
पहले भी हो चुकी है आयकर विभाग की छापेमारी
इससे पहले आयकर विभाग ने तृणमूल कांग्रेस विधायक देबाशीष कुमार के आवास, पार्टी कार्यालय और चुनाव कार्यालय पर छापेमारी की थी। वहीं, भवानीपुर में मुख्यमंत्री के नामांकन प्रस्तावक मिराज शाह के एल्गिन रोड स्थित घर पर भी रेड डाली गई थी। चुनाव से पहले केंद्रीय एजेंसियों की इस तरह की लगातार कार्रवाई ने राज्य की सियासत को गरमा दिया है और आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur