Breaking News

कोलकाता@मालदा में ममता बनर्जी के हेलीकॉप्टर के पास दिखा ड्रोन मुख्यमंत्री ने दिए जांच के निर्देश

Share


कोलकाता,04 अप्रैल 2026। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के हेलीकॉप्टर के पास शनिवार दोपहर एक संदिग्ध ड्रोन देखे जाने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। मुख्यमंत्री ने इस घटना की तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। यह घटना मालदा जिले के मालतीपुर में उस समय हुई जब ममता बनर्जी अपनी जनसभा को संबोधित करने के बाद हेलीकॉप्टर में सवार होने जा रही थीं। शनिवार को उनकी यह दूसरी जनसभा थी। इससे पहले उन्होंने मानिकचक में सभा की थी और इसके बाद उन्हें गाजोल में तीसरी जनसभा के लिए जाना था। जैसे ही वह हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर की ओर बढ़ीं, उसी दौरान एक ड्रोन उसके सामने मंडराता हुआ दिखाई दिया। इसे देखते ही मुख्यमंत्री कुछ देर के लिए रुक गईं और मंच से ही पुलिस को मामले पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले पर पुलिस को सतर्क रहना चाहिए और इसके पीछे जिम्मेदार लोगों की पहचान की जानी चाहिए। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह ड्रोन कहां से आया और प्रतिबंधित वायु क्षेत्र में कैसे पहुंच गया। प्रशासन ने अभी तक इसे लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उल्लेखनीय है कि, हाल के दिनों में मुख्यमंत्री की हवाई यात्राओं के दौरान कुछ अन्य घटनाएं भी सामने आई हैं। 26 मार्च को खराब मौसम के कारण उनका विमान समय पर कोलकाता हवाई अड्डे पर उतर नहीं पाया था और लगभग 70 मिनट तक शहर के ऊपर चक्कर लगाता रहा था। इस दौरान बेहाला उड्डयन क्लब में उतरने के कई प्रयास भी किए गए, लेकिन अंततः विमान को दमदम हवाई अड्डे पर उतारा गया। इसके बाद एक अप्रैल को मुर्शिदाबाद जिले में जनसभा के बाद उनका हेलीकॉप्टर खराब मौसम के कारण नबाग्राम में निर्धारित स्थान पर नहीं उतर सका था।


Share

Check Also

नई दिल्ली@पेपर लीक से ध्वस्त हो रही शिक्षा व्यवस्था युवाओं का भविष्य संकट में : पवन खेड़ा

Share नई दिल्ली,01 जून 2026। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को ध्वस्त करने …

Leave a Reply