Breaking News

नेय्याट्टिनकारा@केरल चुनाव : जेपी नड्डा का रोड शो राजग उम्मीदवारों के लिए मांगा समर्थन

Share


नेय्याट्टिनकारा,04 अप्रैल 2026। केरल विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तारीख नजदीक आते ही राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की तरफ से नेय्याट्टिनकारा विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा के नेतृत्व में रोड शो आयोजित किया गया। रोड शो के बाद अपने संबोधन में नड्डा ने राज्य की सत्ताधारी वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार पर हमला बोला और विपक्षी संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा,‘एलडीएफ और यूडीएफ भ्रष्टाचार के एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। ‘ जेपी नड्डा ने हालिया सबरीमाला मंदिर में सोने की चोरी विवाद का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इसमें उच्च स्तर की साजिश है। नड्डा ने कहा कि पिछले कई वर्षों से राज्य की संपत्तियों का दुरुपयोग हुआ है और राजग सरकार बनने पर भ्रष्टाचार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। राज्य की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि केरल कर्ज के दलदल में फंसा हुआ है और भाजपा का विकास-प्रथम मॉडल ही इसे बदहाली से निकाल सकता है। इससे पहले भाजपा के वरिष्ठ नेता के करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे रोड शो में समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ देखी गई। ढोल-नगाड़ों, भगवा झंडों और नारों के बीच यह रोड शो शहर के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए नेय्याट्टिनकारा बस स्टैंड तक पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान मतदाताओं से राजग उम्मीदवार चेंकल राजशेखरन नायर के लिए समर्थन मांगा गया। नड्डा ने अपने दो दिवसीय केरल दौरे के पहले दिन शुक्रवार को श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की और वट्टियूरकावु व तिरुवनंतपुरम शहर में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। इसके अलावा अटिंगल और पेरूकाडा में जनसभाओं को संबोधित कर पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन की अपील की। नेय्याट्टिनकारा जैसे विधानसभा क्षेत्र में शीर्ष नेतृत्व की सक्रियता यह संकेत देती है कि भाजपा केरल को अहम चुनावी रणभूमि के रूप में देख रही है। यह सीट परंपरागत रूप से एलडीएफ और यूडीएफ के बीच मुकाबले का केंद्र रही है, लेकिन राजग इसे त्रिकोणीय मुकाबले में बदलने की रणनीति पर काम कर रहा है।
उल्लेखनीय है कि केरल में 9 अप्रैल को मतदान होना है। ऐसे में राजग की आक्रामक प्रचार रणनीति और केंद्रीय नेताओं की सक्रिय भागीदारी ने नेय्याट्टिनकारा को सबसे चर्चित चुनावी क्षेत्रों में बदल दिया है।


Share

Check Also

नई दिल्ली@पेपर लीक से ध्वस्त हो रही शिक्षा व्यवस्था युवाओं का भविष्य संकट में : पवन खेड़ा

Share नई दिल्ली,01 जून 2026। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को ध्वस्त करने …

Leave a Reply