असम,01 अप्रैल 2026। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को यहां एक चुनावी जनसभा में असम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की हैट्रिक का दावा किया। उन्होंने असम में यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) लागू करने, आदिवासी संस्कृति की सुरक्षा, बाढ़ से राहत, बुनियादी ढांचे के विस्तार और गरीब कल्याण योजनाओं को लेकर कई बड़े वादे किए। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि असम का चुनाव ‘विकसित असम से विकसित भारत’ बनाने का चुनाव है। मोदी ने धेमाजी जिले के गोगामुख की चुनावी जनसभा में कहा कि जनता का उत्साह साफ संकेत दे रहा है कि इस बार राज्य में भाजपा-नीत राजग सरकार लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटेगी। उन्होंने कहा कि यह उनकी असम में चुनाव घोषणा के बाद पहली जनसभा है और यहां उमड़ी भीड़ ‘हैट्रिक’ की गारंटी दे रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि असम में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया जाएगा, लेकिन साथ ही छठी अनुसूची क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी समुदायों की परंपराओं और संस्कृति की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने इसे ‘असम की पहचान को बचाने का बड़ा संकल्प’ बताया और कहा कि भाजपा अपने वादों को पूरा करने के लिए जानी जाती है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में राज्य ने ‘सेवा और सुशासन’ का नया दौर देखा है। पहले सर्वानंद सोनोवाल और फिर हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में राज्य में विकास की नई दिशा बनी है। मोदी ने कहा कि असम का यह चुनाव केवल राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि विकसित भारत के निर्माण से जुड़ा हुआ है। प्रधानमंत्री ने गरीब कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले एक दशक में असम के 22 लाख से अधिक गरीब परिवारों को पक्के घर दिए गए हैं। भाजपा के घोषणा पत्र में उन सभी परिवारों को घर देने का वादा किया गया है, जिन्हें अभी तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि भविष्य में 15 लाख और परिवारों को पक्का घर देने की गारंटी है। महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने ‘लखपति दीदी’ अभियान का जिक्र किया।
पीएम बोले- कांग्रेस आजाद भारत में भ्रष्टाचार की जननी है
मोदी ने कहा कि साथियों, पूरा देश जानता है कि कांग्रेस विकास विरोधी है। कांग्रेस ने असम के अलग अलग जिलों में हजारों बीघा जमीन पर अवैध कब्जे होने दिए, वोट बैंक को बचाने के लिए ऐसा किया। यहां कीर्तन, भागवत से समाज का जुड़ाव होता। वहां कांग्रेस ने घुसपैठियों को बसा दिया। आज बीजेपी इनके खिलाफ एक्शन ले रही है। बीते 11 साल में जमीनों से अवैध कब्जे हटाए हैं।
डिब्रूगढ़ के मनोहारी चाय बागान में प्रधानमंत्री मोदी ने तोड़ी चाय की पत्तियां

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार सुबह डिब्रूगढ़ के मनोहारी चाय बागान का दौरा किया, जहां उन्होंने चाय की पत्तियां तोड़कर असम के चाय उद्योग के महत्व को रेखांकित किया। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने चाय बागान की महिला व अन्य श्रमिकों के साथ बातचीत भी की। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों के साथ संवाद करते हुए उनके योगदान की सराहना की। यह संवाद क्षेत्र के चाय बागान श्रमिकों के कल्याण और सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। प्रधानमंत्री ने श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, उनकी मजदूरी तथा उनके पास आयुष्मान कार्ड है या नहीं, इसकी जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि चुनावी प्रचार अभियान में भाग लेने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार रात डिब्रूगढ़ पहुंचे। रात 8ः40 बजे मोदी मोहनबाड़ी हवाई अड्डे पर पहुंचे। इसके बाद प्रधानमंत्री विशाल काफिले के साथ मोहनबाड़ी हवाई अड्डे से मनोहारी रिजॉर्ट की ओर रवाना हुए। मोदी ने रात मनोहारी रिजॉर्ट में बिताई। प्रधानमंत्री मोदी धेमाजी और लखीमपुर जिले के उम्मीदवारों के लिए चुनावी प्रचार करेंगे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur