भारत को इस सेक्टर में ग्लोबल हब बनाने का कोरोना काल में संकल्प लिया : पीएम मोदी
अहमदाबाद,31 मार्च 2026। पीएम मोदी ने गुजरात के साणंद में केयन्स सेमीकॉन के आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली टेस्ट का उद्घाटन किया। इसके बाद वे प्लांट देखने पहुंचे और इंजीनियर्स से बातचीत की। पीएम ने कहा…आज सुबह डिवाइन वाले कार्यक्रम में था और अब डिजिटल के कार्यक्रम में हूं। उन्होंने कहा…हमने कोरोना के समय ही तय कर लिया था कि भारत सेमीकंडक्टर सेक्टर का नया हब बनेगा। पीएम के उद्घाटन के साथ ही केयन्स सेमीकंडक्टर प्लांट में प्रोफेशनल प्रोडक्शन शुरू हो जाएगा। पहला प्लांट भी फरवरी 2026 में साणंद में ही शुरू हुआ था। पीएम वाव-थराड में 20 हजार करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इससे पहले उन्होंने सुबह करीब 10 बजे गांधीनगर में सम्राट सम्प्रति म्यूजियम का उद्घाटन किया। पीएम ने म्यूजियम का दौरा करने के बाद राष्ट्रीय संत पूज्य आचार्य पद्मसागर सूरीश्वरजी का आशीर्वाद लिया।
म्यूजियम में 2 हजार
से ज्यादा दुर्लभ चीजें
पीएम मोदी ने गांधीनगर में सम्राट सम्प्रति म्यूजियम में राष्ट्रीय संत पूज्य आचार्य पद्मसागर सूरीश्वरजी का आशीर्वाद भी लिया। इस म्यूजियम में सात अलग-अलग विंग हैं,जहां दुर्लभ जैन चट्टानों,पत्थर और धातु की मूर्तियां,प्राचीन पांडुलिपियां,सिक्के, चांदी के रथ और मिनिएचर पेंटिंग प्रदर्शित की गई हैं। म्यूजियम में दो हजार से ज्यादा दुर्लभ चीजें रखी गई हैं,जो जैन धर्म के विकास और उसके सांस्कृतिक प्रभाव को दर्शाती हैं।
मोदी ने कहा…भारत इस दिशा में मिशन मोड पर काम कर रहा : 2021 में भारत ने इंडिया सेमिकंडक्टर मिशन शुरु किया था। यह मिशन सिर्फ एक इंडस्टि्रयल पॉलिसी नहीं, बल्कि भारत के आत्मविश्वास का ऐलान था। अच्छा होता कि यह काम आज से 30-40 साल पहले शुरू हो गया होता। लेकिन, भारत अब इस दिशा में बहुत तेजी से बढ़ रहा है। भारत इस दिशा में एक मिशन मोड पर काम कर रहा है। इस दशक में भारत टेक्नोलॉजी से जुड़े जो इनिशिएटिव ले रहा है, वो आने वाले दशकों में भारत की लीडरशिप को सशक्त करेंगे। 21वीं सदी का भारत केवल बदलाव का साक्षी नहीं, बल्कि बदलाव का नेतृत्व करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है।
पीएम बोले…यहां बने मॉड्यूल अमेरिका भेजे जाएंगे…
मुझे पता चला है कि यहां वर्तमान में निर्मित उत्पादों का एक बड़ा बैच एक्सपोर्ट के लिए पहले ही बुक हो चुका है। साणंद में उत्पादित मॉड्यूल अमेरिकी कंपनियों को आपूर्ति किए जाएंगे,जिससे दुनिया भर के उद्योगों को बिजली आपूर्ति में मदद मिलेगी। ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ पहल का प्रभाव विश्व के हर कोने में महसूस किया जाएगा। क्रिटिकल मिनरल्स में आत्मनिर्भरता के लिए नेशनल क्रिटिकल मिनरल्स मिशन भी शुरू किया गया है। इसके तहत क्रिटिकल मिनरल्स की माइनिंग और प्रोडक्शन पर जोर दिया जा रहा है। मिनरल्स की रिसाइक्लिंग के लिए भी 1500 करोड़ रुपए की स्कीम शुरू की गई है। इस साल के बजट में ओडिशा, आंध्र प्रदेश तमिलनाडु, केरलम जैसे कोस्टल राज्यों को मिलाकर रेयर अर्थ कॉरिडोर के निर्माण की घोषणा की गई है। यह कॉरिडोर एक इंटिग्रेटेड नेटवर्क होगा, जो माइनिंग रिफाइनिंग और मैन्यूफैक्चरिंग की सशक्त चेन तैयार करेगा। हमारा प्रयास है कि देश में मिनरल्स का एक नेशनल रिजर्व हो।
पीएम बोले…भारतीय कंपनी ग्लोबल सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन का हिस्सा बनी
मोदी ने कहा…मुझे इस बात की खुशी है कि भारत की कंपनी ने सेमीकंडक्टर चिप बनाने में रुचि दिखाई और नतीजा सबके सामने है। हमारे भारत की अपनी कंपनी केयन्स अब ग्लोबल सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन का एक मजबूत हिस्सा बन गई है। यह एक शानदार शुरुआत है,गर्व का पल है। आने वाले दिनों में भारत की बहुत सारी कंपनियां ग्लोबल कोलैबोरेशन के माध्यम से दुनिया को एक मजबूत सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन देने जा रही हैं। आज का यह दिन मेक इन इंडिया,मेक फॉर द वर्ल्ड को सही मायनों में चरितार्थ करता है। उद्योग जगत के अनुमानों के मुताबिक आज भारत में सेमीकंडक्टर बाजार का मूल्य 50 अरब डॉलर (करीब 4.5 लाख करोड़ रुपए) है। इस दशक के आखिरी तक इसके 100 अरब डॉलर (करीब 9 लाख करोड़ रुपए) तक पहुंचने का अनुमान है। यह बढ़ोतरी सेमीकंडक्टर बाजार की अपार संभावनाओं को उजागर करती है।
मोदी बोले…भारत का सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम तेजी से विकसित हो रहा
28 फरवरी को माइक्रॉन के प्लांट में प्रोडक्शन की शुरुआत हुई और आज 31 मार्च को केयन्स टेक्नोलॉजी के सेमीकंडक्टर प्लांट का प्रोडक्शन शुरू हो रहा है। यह सिर्फ संयोग नहीं है- यह इस बात का प्रमाण है कि भारत का सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम किस गति से विकसित हो रहा है।
कुछ शासकों ने हिंसा को हथियार बनाकर शासन किया
पीएम ने अपने संबोधन में कहा- आज महावीर जयंती के पावन पर्व पर मुझे इस पवित्र जैन तीर्थ आने का सौभाग्य मिला है। मैं कोबा तीर्थ से सभी को महावीर जयंती की शुभकामनाएं देता हूं। सम्प्रति म्यूजियम के बारे में उन्होंने कहा- जहां एक ओर कुछ शासकों ने हिंसा को हथियार बनाकर शासन किया, वहीं सम्राट संप्रति ने सिंहासन पर बैठकर अहिंसा का विस्तार किया। उन्होंने सत्य, अस्तेय और अपरिग्रह का प्रचार-प्रसार किया। इतने निस्वार्थ भाव से शासन को सेवा का माध्यम मानकर जीवन जीना, यह सीख हमें भारत के अतीत से ही मिलती है।
जड़ों से जुड़ना और दुनिया से जुड़ना गुजरात की धरती से हो रहा है
प्रधानमंत्री मोदी ने गुजराती में कहा- गुजरात की हर पीढ़ी के लोगों को अपने परिवार के साथ यहां आना चाहिए और दिल भरकर इस संग्रहालय को देखना चाहिए। उन्हें ज्ञान और महान विरासत पर गर्व होना चाहिए। गुजरात की धरती पर कदम रखते ही मेरा पहला कार्यक्रम जड़ों से जुड़ना था और अब जब मैं साणंद जा रहा हूं, तो मैं दुनिया से जुड़ रहा हूं। यहां मुझे एक महान सांस्कृतिक परंपरा देखने को मिली और साणंद में दुनिया की सबसे आधुनिक तकनीक, यानी सेमीकंडक्टर का उद्घाटन हो रहा है। जड़ों से जुड़ना और दुनिया से जुड़ना गुजरात की धरती से हो रहा है। जय जिनेंद्र… जय जिनेंद्र…
पीएम ने देशवासियों से 10 संकल्पों को दोहराने का निवेदन किया
पहला संकल्पः पानी बचाने का दूसरा संकल्पः एक पेड़ मां के नाम तीसरा संकल्पः स्वच्छता का मिशन चौथा संकल्पः वोकल फॉर लोकल पांचवां संकल्पः देश दर्शन छठा संकल्पः प्राकृतिक खेती को अपनाना सातवां संकल्पः स्वस्थ जीवनशैली को अपनाना आठवां संकल्पः योग और खेल को जीवन में लाना नौवां संकल्पः गरीबों की सहायता का संकल्प दसवां संकल्पः भारत की विरासत का संकल्प — जो आप सभी ने स्वयं से जोड़ लिया है।
सम्राट सम्प्रति संग्रहालय भारत के कोटि-कोटि लोगों की धरोहर है
जब हम अनादि ज्ञान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए इनोवेशन करते हैं तो इससे हमारी विरासत भी समृद्ध होती है और आने वाले कल को भी प्रेरणा मिलती है। सम्राट सम्प्रति संग्रहालय भारत के कोटि-कोटि लोगों की धरोहर है। ये भारत के गौरवशाली अतीत की धरोहर है। मैं इसके लिए सभी देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur