कोलकाता,28 मार्च 2026। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी और निर्वाचन आयोग पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के तबादले चुनाव को प्रभावित करने की साजिश का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि यह कदम भाजपा को विधानसभा चुनाव में फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से उठाया गया है। पश्चिम बर्धमान जिले के रानीगंज में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा अब सभी सीमाएं पार कर चुकी है और राजनीति में एक मर्यादा रेखा होनी चाहिए, जिसे पार नहीं किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में अधिकारियों का तबादला कर उन्हें दूसरे राज्यों में भेज दिया गया, जबकि जो अधिकारी स्थानीय परिस्थितियों को अच्छी तरह समझते थे,उन्हें हटाकर प्रशासन को कमजोर किया गया। उन्होंने कहा कि यह सब राज्य में बाहरी प्रभाव बढ़ाने और चुनाव के दौरान हालात को प्रभावित करने के लिए किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से नाम हटाने के नाम पर भी गड़बड़ी की जा रही है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश हो रही है। ममता बनर्जी ने मुर्शिदाबाद जिले के रघुनाथगंज में राम नवमी शोभायात्रा के दौरान हुई हिंसा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस समय प्रशासन उनके नियंत्रण में नहीं है क्योंकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था चुनाव कराने वाली संस्था के अधीन रहती है। उन्होंने कहा कि रघुनाथगंज में दुकानों में लूटपाट और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं हुईं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur