Breaking News

कौशांबी@पिकअप ट्रेलर में घुसी…8 की मौत,मरने वालों में 5 महिलाएं और 3 बच्चे,प्रयागराज से मुंडन कराकर लौट रहे थे

Share

कौशांबी,27 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश के कौशांबी में श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप ट्रेलर से टकरा गई। इसमें 8 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में 5 महिलाएं और 3 बच्चे शामिल हैं। 29 लोग घायल हैं। सभी प्रयागराज से मुंडन कराकर अपने घर फतेहपुर जा रहे थे। हादसा इतना भीषण था कि घायल पिकअप से उछलकर सड़क पर जा गिरे। काफी देर तक जमीन पर पड़े तड़पते रहे। मौके पर पहुंचे लोगों ने पुलिस को फोन किया, साथ ही खुद भी घायलों को संभाला। पुलिस ने घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। दो लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्रयागराज रेफर किया गया है। 27 घायलों का इलाज जिला अस्पताल और सीएचसी में चल रहा है। हादसा शुक्रवार शाम करीब 4 बजे नेशनल हाईवे पर डोरमा के पास हुआ। सीएम योगी ने मृतकों के घरवालों को 2-2 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों को एक-एक लाख रुपए दिए जाएंगे। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने भी हादसे पर दुख जताया है। फतेहपुर जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र के कुरोली गांव निवासी राजन के 2 साल के बेटे शुभम का शुक्रवार को मुंडन संस्कार था। इसके लिए परिवार ने किराए पर पिकअप बुक की। करीब 37 लोग पिकअप से प्रयागराज के संगम पहुंचे।
मुंडन के बाद सभी घर लौट रहे थे। रास्ते में डोरमा पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे एक ट्राला खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पीछे से ट्राला में जा घुसी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। बताया जा रहा है कि पिकअप ड्राइवर को झपकी लगने से हादसा हुआ।
आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े
हादसे के बाद घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल भेजने के लिए 8 एम्बुलेंस लगाई गईं। अस्पताल ले जाते समय 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य का इलाज जारी है। हादसे के चलते कुछ देर तक हाईवे पर जाम भी लगा रहा। मृतकों में सुखरानिया (65) पत्नी मुन्ना निवासी बारा, दरसनिया (68) पत्नी बाबूलाल निवासी कुरोली, राजकुमारी (35) पत्नी रामखेलावन निवासी कुरोली, कल्लो (22) निवासी कुरोली, गुडि़या (27) पत्नी मुकेश निवासी कुरोली, ध्रुव (7) पुत्र मोहन निवासी गज्जा का डेरा, मयंक (10) पुत्र मुकेश निवासी कुरोली और अनुज (8) पुत्र लखन निवासी बारा शामिल हैं।


Share

Check Also

उज्जैन@ उज्जैन में मॉडल हर्षा रिछारिया ने लिया संन्यास

Share अब स्वामी हर्षानंद गिरि के नाम से जानी जाएंगी,पिंडदान के साथ त्यागा पिछला जीवनउज्जैन,19 …

Leave a Reply