सरकार को पहले से पता था,इंतजाम क्यों नहीं किया : कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे
नई दिल्ली,16 मार्च 2026। बजट सत्र के दूसरे फेज में सोमवार को लोकसभा में पहली बार प्रश्नकाल बिना किसी हंगामे के पूरा हुआ। इधर राज्यसभा में एलपीजी सिलेंडर के संकट को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राज्यसभा में कहा कि पेट्रोलियम मंत्री ने लोकसभा में दावा किया कि एलपीजी की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत सरकारी दावों को गलत साबित कर रही है। अगर सरकार समय रहते इंतजाम कर लेती,तो हालात इतने खराब नहीं होते। इस पर भाजपा सांसद जेपी नड्डा ने खड़गे को टोका। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आपदा में भी राजनीति कर रही है। इसके बाद भी खड़गे ने बोलना जारी रखा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस नेता जवाब नहीं सुनते है।
लोकसभा में बिना हंगामे के प्रश्नकाल पूरा हुआ…
लोकसभा में सदन की कार्यवाही शुरू होते ही कुछ विपक्षी सांसदों ने अपने मुद्दे तुरंत उठाने की मांग की। इस पर स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि उन्हें दोपहर 12 बजे प्रश्नकाल खत्म होने के बाद बोलने का मौका दिया जाएगा। प्रश्नकाल के दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण,केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और गजेंद्र सिंह शेखावत ने सांसदे के सवालों के जवाब दिए। राज्यसभा में कार्यकाल पूरा होने पर रंजन गोगोई को विदाई दी गई। 9 मार्च से शुरू हुए बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले हफ्ते में विपक्ष के विरोध के कारण सुबह 11 बजे से 12 बजे तक होने वाला प्रश्नकाल पूरा नहीं हो पा रहा था। पंजाब से आप सांसद राघव चड्ढा ने विनियोग विधेयक पर चर्चा के दौरान सरकार से मांग की है कि शादीशुदा जोड़ों को संयुक्त रूप से आयकर रिटर्न दाखिल करने की अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा कि पति-पत्नी मिलकर घर की जिम्मेदारियां और खर्च उठाते हैं,इसलिए उन्हें संयुक्त आईटीआर दाखिल करने का विकल्प मिलना चाहिए।
इससे परिवारों को टैक्स में बचत होगी और आर्थिक बोझ भी कम होगा। चड्ढा ने सुझाव दिया कि शादीशुदा जोड़ों को अलग-अलग या संयुक्त रूप से आईटीआर दाखिल करने का विकल्प दिया जाए। चड्ढा ने दूसरा मुद्दा उठाते हुए कहा कि सशस्त्र बलों की दिव्यांगता पेंशन पर टैक्स नहीं लगाया जाना चाहिए।
एलपीजी संकट पर खड़गे बोले…पहले से पता था तो व्यवस्था क्यों नहीं की?
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि पेट्रोलियम मंत्री ने लोकसभा में दावा किया कि एलपीजी की कोई कमी नहीं है,लेकिन जमीनी हकीकत सरकारी दावों को गलत साबित कर रही है। जब भारत सरकार ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों को सतर्क कर रही थी,तब यह भी साफ करना चाहिए था कि आने वाले समय में तेल और गैस की कमी हो सकती है। खड़गे ने कहा कि अगर सरकार समय रहते व्यवस्था कर लेती,तो हालात इतने खराब नहीं होते। जब सरकार को पहले से स्थिति का अंदाजा था,तो समय पर जरूरी इंतजाम क्यों नहीं किए गए?
खड़गे के बयान पर नड्डा बोले…अराजकता लाने का प्रयास कर रहा विपक्ष
नेता सदन जेपी नड्डा ने खड़गे की बात पर आपत्ति की और कहा कि यह शून्यकाल है और एलओपी तीन मिनट बोल चुके हैं। नियम सभी के लिए समान होते हैं। हमें दुःख है कि विपक्ष देश में विपत्ति काल में भी राजनीति करने से पीछे नहीं हटते। यह विपत्ति भारत के कारण नहीं आई है। हम सब जानते हैं कि ये क्राइसिस आई है। कांग्रेस का नेता सिलेंडर की होल्डिंग में पकड़ा गया है। ये जनता को उकसाने का प्रयास कर रहे हैं।
वित्त मंत्री बोलीं- डीआरटी मामलों के निपटारे के लिए 2026 में 4 विशेष लोक अदालतें होंगी
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में बताया कि 2026 में कर्ज वसूली अधिकरण और कर्ज वसूली अपीलीय अधिकरण में लंबित मामलों के निपटारे के लिए चार विशेष लोक अदालतें आयोजित की जाएंगी। इन अधिकरणों में लंबित अधिकांश मामले बड़े मूल्य के हैं, जिनमें आमतौर पर 100 करोड़ रुपए या उससे ज्यादा की राशि शामिल है। बड़े मामलों के तेजी से निपटारे के लिए कुछ डीआरटी को खास तौर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक वाले मामलों की सुनवाई के लिए तय किया गया है। इसके अलावा बैंकों और वित्तीय संस्थानों को लोक अदालत जैसे वैकल्पिक विवाद समाधान माध्यमों के जरिए मामलों का निपटारा करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur