Breaking News

बिलासपुर@अफीम की खेती पर कांग्रेस का प्रदर्शन….भाजपा कार्यालय घेराव के दौरान पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

Share


बिलासपुर,12 मार्च 2026। बिलासपुर में शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने दुर्ग जिले के समोदा गांव में भाजपा नेता द्वारा प्रतिबंधित अफीम की खेती के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला भाजपा कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया, जिसके दौरान पुलिस से उनकी झड़प हुई। पुलिस प्रशासन ने भाजपा कार्यालय की ओर जाने वाले रास्ते पर बैरिकेडिंग कर दी थी। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स पार करने की कोशिश की,जिससे पुलिस और उनके बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस को कई बार प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेलना पड़ा। इस दौरान कांग्रेसियों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बिलासपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री और सिद्धांशु मिश्रा ने आरोप लगाया कि बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित अफीम की खेती बिना किसी सांठगांठ के संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता यह देखकर हैरान है कि सुशासन का दावा करने वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में उनके ही नेता/कार्यकर्ता द्वारा इतनी बड़ी मात्रा में अफीम की खेती की जा रही है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा सरकार नशे को संरक्षण देकर प्रदेश के युवाओं और उनके भविष्य को खतरे में डाल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश के जिला मुख्यालयों में भाजपा कार्यालयों का घेराव और बड़े प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों अध्यक्षों ने चेतावनी दी कि अफीम की खेती के मामले में दोषियों पर जल्द कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने इसे रोकने के लिए कदम नहीं उठाए तो आगे और भी उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी,विजय पांडे,राजेंद्र शुक्ला,राजेंद्र साहू, अभय नारायण राय,प्रमोद नायक, पंकज सिंह, आशीष गोयल,शिल्पी तिवारी, संतोष गर्ग और हितेश देवांगन सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।


Share

Check Also

रायपुर@डीपीआई का आदेश : जिस स्कूल के लिए जारी हुआ पोस्टिंग आदेश,वहीं करनी होगी जॉइनिंग,सभी अभ्यावेदन खारिज

Share रायपुर,27 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ में शिक्षकों के युक्तियुक्तकरण को लेकर डीपीआई ने कड़ा आदेश …

Leave a Reply