Breaking News

सूरजपुर@गैस के बढ़ते दामों पर सूरजपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से झूमा-झटकी के बीच जला पीएम का पुतला

Share

  • महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का उबालःअग्रसेन चौक पर पुतला दहन,पुलिस ने डंडों से बुझाई आग
  • सिलेंडर महंगा,राजनीति गर्म…सूरजपुर में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन,पुलिस से तीखी नोकझोंक


-संवाददाता-
सूरजपुर,09 मार्च 2026 (घटती-घटना)। घरेलू एलपीजी गैस और कमर्शियल गैस सिलेंडरों के दामों में केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में की गई बढ़ोतरी को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को सूरजपुर के अग्रसेन चौक पर विरोध प्रदर्शन किया, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई और गैस कीमतों में वृद्धि के खिलाफ केंद्र सरकार तथा प्रधानमंत्री के विरोध में सांकेतिक पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया।
दरअसल,केंद्र सरकार द्वारा घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये तथा व्यावसायिक गैस सिलेंडर में 115 रुपये की वृद्धि किए जाने के बाद देशभर में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं,कांग्रेस का आरोप है कि इस बढ़ोतरी से मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों की रसोई पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया, प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी का झंडा लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गैस की बढ़ती कीमतों को आम जनता के साथ अन्याय बताया।
महंगाई को लेकर कांग्रेस का आरोप
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश में पहले से ही महंगाई का दबाव बढ़ता जा रहा है,खाद्य सामग्री, पेट्रोल-डीजल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं,ऐसे समय में गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी आम लोगों के लिए और मुश्किलें खड़ी कर रही है, प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रसोई गैस आज हर घर की जरूरत बन चुकी है और इसकी कीमतों में बार-बार वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग की कमर टूट रही है, कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है।
पुलिस और कांग्रेसियों में झड़प
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब कांग्रेस कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का पुतला जलाने की कोशिश करने लगे, मौके पर मौजूद पुलिस बल ने पुतला दहन को रोकने का प्रयास किया,जिससे कुछ देर के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झूमा-झटकी की स्थिति बन गई,बताया जा रहा है कि युवक कांग्रेस के दोनों विधानसभा अध्यक्ष विक्की समद्दार और परमेश्वर राजवाड़े पुलिस को चकमा देकर पुतले में आग लगाने में सफल हो गए, इसके बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पुतले में लगी आग को बुझाने की कोशिश की।
डंडों से बुझाई गई आग
घटना के दौरान पुलिस कर्मियों ने पुतले में लगी आग को बुझाने के लिए डंडों से उसे पीट-पीट कर आग बुझाने का प्रयास किया, यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए चर्चा का विषय बन गया, स्थानीय लोगों ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी बनाया, कई लोग इस घटनाक्रम को मोबाइल फोन में कैद करते हुए दिखाई दिए और मौके पर मौजूद लोगों के बीच इसे लेकर चर्चा होती रही, हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला दहन करने में सफल रहे, इस दौरान चौक पर कुछ देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शशि सिंह की अगुवाई में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए, कार्यक्रम में प्रमुख रूप से ईस्माइल खान, संजय डोसी, सुनील अग्रवाल, मेहंदी यादव, नवीन जायसवाल, प्रदीप साहू, बिहारी कुलदीप, बबीता गुप्ता, वेद प्रकाश मिश्रा, विमलेश तिवारी, संतोष पावले, विक्की समद्दार, रोहन रजवाड़े, सुनील सारथी, शान्तु डोसी, शक्ति ठाकुर, परमेश्वर राजवाड़े, राजपाल कसेरा, पवन साहू, इमरान एराकी, दीपक देवांगन, आशीष सिंह, जमील सिद्दीकी, लिवनेस सिंह, जबारुल हक, हेमंत साहू, घूरन सिंह सहित जिला कांग्रेस कमेटी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
राजनीतिक माहौल गर्म
गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं, सूरजपुर में हुआ यह प्रदर्शन भी उसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है, फिलहाल यह देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर कितना तेज होता है और सरकार इस पर क्या प्रतिक्रिया देती है।


Share

Check Also

राजपुर@ उत्कृष्ट पार्षद के लिए नवीन सर्व सोनार समाज ने किया पार्षद विशवास का सम्मान

Share राजपुर,24 अप्रैल 2026 (घटती-घटना)। नवीन सर्व सोनार समाज राजपुर द्वारा निर्दलीय निर्वाचित वार्ड पार्षद …

Leave a Reply