…केजरीवाल बोले- देश में डर का माहौल
नई दिल्ली,01 मार्च 2026। आम आदमी पार्टी (आआपा) के नेताओं ने रविवार को जंतर-मंतर पर जनसभा करके भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और दिल्ली सरकार को घेरा। आआपा के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने जनसभा को संबोधन करते हुए कहा कि देश में इस समय डर का माहौल है और उसके बावजूद जज साहब ने देश के हक में धाकड़ फैसला सुनाया, उसके लिए वे जज साहब का शुक्रिया अदा करते हैं। उन्होंने कहा कि वे भारत मां से प्यार करता हैं और अपना पूरा जीवन देश की सेवा और विकास के लिए समर्पित कर दिया। जब वे आयकर विभाग में कमिश्नर थे तो वहां भी उनकी ईमानदारी के चर्चे होते थे, उनकी ईमानदारी की कसमें खाई जाती थीं। इसके बाद जब वे दिल्ली का मुख्यमंत्री बने, उस दौरान भी उन्होंने किसी से भी एक पैसा नहीं लिया और पूरी ईमानदारी से काम किया । केजरीवाल ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस से परेशान हो गई थी और लोगों ने बड़ी उम्मीदों से मोदीजी की सरकार बनाई थी। लेकिन कुछ नहीं सुधरा बल्कि और भी ज्यादा बर्बाद कर दिया है। पूरे देश में पेपर लीक हो रहे हैं और प्रधानमंत्री मोदी परीक्षा पर चर्चा कर रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि उन्हें गिरफ्तार करके पूरे देश को संदेश देना चाहा कि अगर ईमानदारी से काम करोगे तो अरविंद केजरीवाल जैसा हाल होगा।आआपा ने देश के बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को उम्मीद दी और भाजपा को इससे डर लग गया था, इसलिए उन्हें जेल में डाला गया। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में एक साल पहले भाजपा की सरकार आई थी और उसके भुक्त भोगी यहां मौजूद हैं। इन्होंने रैलियों में बड़े-बड़े जुमले दिए थे। लेकिन अब इन्होंने हजारों लोगों की नौकरियां छीन ली हैं। आआपा नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि अरविंद केजरीवाल और उनकी सेना काजल की काल कोठरी से बिना किसी दाग लगे बाहर आई। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के हौसले को सलाम करने के लिए जंतर-मंतर पर आआपा की सेना उमड़ पड़ी है। आज पूरा देश कह रहा है कि अरविंद केजरीवाल और आआपा कट्टर ईमानदार हैं। आआपा ने जंतर-मंतर से चलकर दिल्ली,पंजाब,गोवा,गुजरात, मध्य प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत देशभर में ऐतिहासिक काम कर रही है। सांसद संजय सिंह ने कहा कि अरविंद केजरीवाल सरकार ने लोगों को फ्री बिजली,पानी,शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं दीं। दिल्ली में शानदार सरकारी स्कूल, अस्पताल और मोहल्ला क्लीनिक बनवाए। उन्होंने कहा कि भाजपा को आआपा की ‘काम की राजनीति’ से डर लगने लगा।
उन्हें एहसास हो गया कि इससे उनकी नफरत की राजनीति खत्म हो जाएगी और इसीलिए उन्होंने हमारे ऊपर तमाम आरोप लगाना शुरू कर दिए। दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि आआपा ने देश की राजनीति को बदलकर दिखाया है और शिक्षा, स्वास्थ्य, आम मुद्दों तथा ईमानदारी व काम की राजनीति की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमारी राजनीति से डरकर हमारे नेताओं पर बेईमान होने का झूठा और फर्जी आरोप लगाया। लेकिन अब कोर्ट ने ठप्पा लगा दिया कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur