आदिवासी वनांचल क्षेत्रों में सड़क,बिजली और संचार सुविधाओं की मांग
कोरिया,18 फरवरी 2026 (घटती-घटना)। जिला पंचायत कोरिया के संचार-सड़क निर्माण समिति के सभापति सुरेश कुमार सिंह ने प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर आदिवासी वनांचल क्षेत्रों में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की है, दिनांक 17 फरवरी 2026 को प्रेषित पत्र में क्षेत्र के कई ग्राम पंचायतों में अधूरे पड़े मूलभूत कार्यों को लेकर चिंता व्यक्त की गई है।
बिजली,सड़क और संचार के मुद्दे उठाए-पत्र में उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत बंसिपुर, नवाटोला एवं चंदहा में विद्युत कार्य अधूरे पड़े हैं, जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है, इन कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का आग्रह किया गया है, इसके अलावा आदिवासी बाहुल्य वनांचल क्षेत्र रामगढ़ में बीएसएनएल टावर प्रारंभ कराने की मांग की गई है, पत्र में कहा गया है कि मोबाइल नेटवर्क की कमी के कारण ग्रामीण शासन की योजनाओं और आपातकालीन सेवाओं से वंचित हो रहे हैं।
अधूरी सड़क और पुलिया निर्माण की मांग- सभापति ने पत्र में ग्राम चकडांड़ से धुमाडांड़ तक अधूरी सड़क को पूर्ण कराने की आवश्यकता बताई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क अधूरी होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है, साथ ही ग्राम ललमटिया, ग्राम पंचायत भैंसवार में एक आर.सी.सी. पुलिया निर्माण की मांग की गई है, बताया गया है कि बरसात के समय मार्ग अवरुद्ध हो जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, महिलाओं और मरीजों को अस्पताल पहुंचने में भारी कठिनाई होती है।
आदिवासी क्षेत्रों के विकास पर जोर-पत्र में विशेष रूप से आदिवासी वनांचल क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में ग्रामीण शासन की योजनाओं का पूरा लाभ नहीं ले पा रहे हैं, मुख्यमंत्री से अनुरोध किया गया है कि लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाए।
राजनीतिक और प्रशासनिक महत्व
जिला पंचायत स्तर से सीधे मुख्यमंत्री को पत्र भेजे जाने को स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, यह पत्र क्षेत्रीय विकास के मुद्दों को राज्य स्तर पर उठाने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।
अब देखना होगा कि राज्य शासन इन मांगों पर क्या कार्रवाई करता है और संबंधित विभागों को क्या निर्देश दिए जाते हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur