Breaking News

बैकुंठपुर/ कोटाडोल,@ ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ की हुंकार! बैकुंठपुर में बैठक, कोटाडोल में पदयात्रा

Share

  • वोट बचाने की लड़ाई को राष्ट्रीय धार, 1 नवंबर की दिल्ली रैली के लिए कोरिया कांग्रेस लामबंद
  • ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजा कोटाडोल, बैकुंठपुर से दिल्ली तक कांग्रेस की तैयारी
  • मताधिकार की लड़ाई में उतरी कोरिया कांग्रेस, दिल्ली कूच की तैयारी
  • कोटाडोल में निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी कर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
  • बैकुंठपुर में एआईआईसी पर्यवेक्षक,सह-प्रभारी और सांसद की मौजूदगी में जिला स्तरीय बैठक व पत्रकारवार्ता
  • ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ की हुंकार,कोरिया कांग्रेस ने फूं का आंदोलन का बिगुल!


-रवि सिंह-
बैकुंठपुर/ कोटाडोल,29 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)।
लोकतंत्र की रक्षा, मतदाताओं के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर कांग्रेस का ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान कोरिया जिले में तेज होता दिखाई दे रहा है,बुधवार को जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित राजीव भवन में जिला स्तरीय संयुक्त बैठक एवं पत्रकारवार्ता आयोजित की गई,वहीं कोटाडोल में अभियान के तहत पदयात्रा निकालकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई गई, बैकुंठपुर की बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के नेताओं ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं,विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता से जुड़े मुद्दे उठाए। दूसरी ओर,कोटाडोल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा,कांग्रेस ने इन कार्यक्रमों के माध्यम से मतदाता सूची की विश्वसनीयता,पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रखने और निर्वाचन प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने की मांग की,पार्टी ने बूथ और पंचायत स्तर तक जनजागरण अभियान चलाने के साथ 1 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित राष्ट्रीय रैली में कोरिया जिले से कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी पर भी जोर दिया।
राजीव भवन में राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी में बैठक और पत्रकारवार्ता
बैकुंठपुर स्थित राजीव भवन, जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक एवं पत्रकारवार्ता में एआईआईसी पर्यवेक्षक देबासिस पटनायक,एआईआईसी सचिव एवं छत्तीसगढ़ सह-प्रभारी जरिता लैतफलांग,कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत तथा पीसीसी पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम उपस्थित रहे, पत्रकारवार्ता के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं, विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, मतदाताओं के नाम जोड़ने और हटाने में पारदर्शिता,दोहरे पंजीकरण तथा निर्वाचन आयोग की जवाबदेही से जुड़े सवाल उठाए। कांग्रेस का कहना है कि मतदाता सूची की विश्वसनीयता और प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की सुरक्षा निष्पक्ष चुनाव की बुनियादी शर्त है,पार्टी ने मतदाता सूची में हुए बदलावों का विस्तृत विवरण सार्वजनिक करने,संदिग्ध विसंगतियों की स्वतंत्र और समयबद्ध जांच कराने तथा प्रभावित मतदाताओं को नाम जुड़वाने एवं त्रुटियों में सुधार का प्रभावी अवसर देने की मांग की,कांग्रेस नेताओं ने इन मुद्दों को किसी एक चुनाव या पुनरीक्षण प्रक्रिया तक सीमित न मानते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं की पारदर्शिता और जनता के विश्वास से जुड़ा विषय बताया।
1 नवंबर को दिल्ली में राष्ट्रीय रैली, कोरिया से भागीदारी की तैयारी
बैठक में अभियान के आगामी चरणों पर चर्चा करते हुए बताया गया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के समन्वय से 1 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में राष्ट्रीय रैली आयोजित करने की तैयारी कर रही है, इस रैली के माध्यम से मतदाता सूची की पारदर्शिता,चुनावी निष्पक्षता और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दे राष्ट्रीय स्तर पर उठाए जाएंगे, बैठक में कोरिया जिले से कांग्रेस नेताओं,पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया,साथ ही अभियान के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और संगठन के विभिन्न स्तरों पर जनसंपर्क बढ़ाने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
बूथ से पंचायत तक चौपाल, मतदाता सूची के सत्यापन पर जोर
कांग्रेस ने अभियान को केवल बैठकों और पत्रकारवार्ताओं तक सीमित न रखते हुए गांव-गांव तक पहुंचाने की रणनीति बनाई है,इसके तहत चौपालों के माध्यम से आम नागरिकों से संवाद करने और बूथ एवं पंचायत स्तर पर मतदाता सूचियों के सत्यापन पर जोर दिया गया, बैठक में जिला संगठन, ब्लॉक अध्यक्षों,मंडल एवं सेक्टर अध्यक्षों,बूथ-पंचायत अध्यक्षों, मोर्चा-संगठनों,प्रकोष्ठों,विभागों और बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया,कांग्रेस का कहना है कि पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में बने रहें और किसी भी प्रकार की त्रुटि सामने आने पर समय रहते सुधार कराया जा सके,इसके लिए संगठन के प्रत्येक स्तर पर सक्रियता बढ़ाई जाएगी।
कोटाडोल में पदयात्रा, ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे
इसी अभियान के तहत छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कोटाडोल के तत्वावधान में मंगलवार को कोटाडोल में पदयात्रा निकाली गई,पूर्व विधायक गुलाब कमरो के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा,निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और मताधिकार की सुरक्षा के मुद्दे उठाए, पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’ जैसे नारे लगाए,कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का मत महत्वपूर्ण है और चुनावी प्रक्रिया पर जनता का विश्वास बनाए रखना जरूरी है, पार्टी नेताओं ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवालों को जनता के बीच ले जाने का प्रयास किया जा रहा है, पदयात्रा के समापन पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया,ज्ञापन में मताधिकार की सुरक्षा,निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग शामिल रही।
गुलाब कमरो सहित अनेक पदाधिकारी हुए शामिल
कोटाडोल में आयोजित पदयात्रा में पूर्व विधायक गुलाब कमरो के साथ जिला उपाध्यक्ष रवि प्रताप सिंह, जिला महामंत्री एवं कोटाडोल प्रभारी अवधेश सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामू सिंह और आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष अमोल सिंह सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए, कार्यक्रम में शरण सिंह, रामप्रकाश मानिकपुरी, आनंद राय, कमल चौधरी, आशु, हंसलाल, राजेश बैगा, राजकरण यादव, परमेश, उमेश, वंश बहादुर, शिव प्रसाद, श्रम सिंह और कंश लाल सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने अभियान के मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने और लोकतांत्रिक अधिकारों की सुरक्षा को लेकर अपनी आवाज उठाते रहने की प्रतिबद्धता जताई।
जिला संगठन के नेताओं और दावेदारों की मौजूदगी
बैकुंठपुर में आयोजित संयुक्त बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष नजीर अजहर, पूर्व विधायक गुलाब कमरो, क्कष्टष्ट सदस्य योगेश शुक्ला, वेदांती तिवारी, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, महामंत्री बृजवासी तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, आशीष यादव ‘लल्ला’, सुरेश सिंह, अजीत लकड़ा, प्रवीर भट्टाचार्य, बंशगोपाल, शैलेन्द्र सिंह, अजय सिंह और हेमसागर यादव सहित अनेक पदाधिकारी शामिल हुए, इसके अलावा जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, पार्षद, बैकुंठपुर और शिवपुर-चरचा नगर पालिकाओं के दावेदार, ब्लॉक कांग्रेस, मंडल, सेक्टर, बूथ एवं पंचायत स्तर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
मताधिकार की सुरक्षा को लेकर अभियान जारी रखने का संकल्प
बैकुंठपुर की बैठक और कोटाडोल की पदयात्रा के जरिए कांग्रेस ने मतदाता सूची की पारदर्शिता और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता से जुड़े मुद्दों को जिले में प्रमुखता से उठाया,पार्टी ने बूथ से पंचायत स्तर तक जनजागरण, मतदाता सूची के सत्यापन और लोगों से सीधे संवाद करने की रणनीति पर जोर दिया है,कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुरक्षित रहना चाहिए और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता के जरिए जनता का विश्वास मजबूत किया जाना चाहिए,अब अभियान का अगला प्रमुख पड़ाव 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित राष्ट्रीय रैली है,जिसमें कोरिया जिले से कांग्रेसजनों की भागीदारी की तैयारी की जा रही है।


Share

Check Also

बिलासापुर@पत्नी की आत्महत्या मामले में डॉक्टर पति को 3 साल की सजा हाईकोर्ट ने 10 दिसंबर तक सरेंडर करने का दिया आदेश

Share बिलासापुर,29 अक्टूबर 2026। हाईकोर्ट ने डॉक्टर पति को पत्नी की आत्महत्या के लिए दोषी …

Leave a Reply