टीएमसी को बंगाल की चिंता तो स्टेट जीएसटी हटाएं,इनके लोग कट ले रहे…
नई दिल्ली,11 फरवरी 2026। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को संसद में बजट को लेकर अपनी बात रखी। इस दौरान टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी के जीएसटी को लेकर आरोपों पर सीतारमण ने कहा, अभिषेक बनर्जी की स्पीच पर मुझे दुख हुआ। उन्होंने जनकारी तोड़ मरोड़कर पेश की। जीएसटी पर उन्होंने कहा कि जन्म से लेकर मरने तक लोग जीएसटी दे रहे हैं। कहां से ला रहे हैं ये बातें। दूध के ऊपर कब जीएसटी लगा,पढ़ाई पर कब लगा। इस पर पीछे बैठे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि वहां कट मनी लगती है,इसे फिर सीतारमण ने दोहराया। सीतारमण ने कहा- आप बंगाल में स्टेट जीएसटी हटा सकते हैं, पर ऐसा क्यों नहीं कर रहे। पैसा भी चाहते हैं और बदनाम भी कर रहे हैं। आप अगर बंगाल में लोगों पर बोझ कम करना चाहते हैं तो वहां पेट्रोल के दाम दिल्ली से 10 रुपए ज्यादा है, उसे कम कर दीजिए।
निर्मला सीतारमण बोलीं…कांग्रेस के लोगों को मेरा जवाब सुनने की क्षमता रखनी चाहिए
निर्मला सीतारमण ने कहा कि कांग्रेस के लोगों को मेरा जवाब सुनने की क्षमता रखनी चाहिए। ये कहते हैं कि मोदी ने सरेंडर कर दिया। मैं बताती हूं कि भारत को किसने बेचा। इसे कांग्रेस ने बेचा। बाली में जाकर सौदा करके आए थे। ट्रेड फेलिसिटेशन पर साइन करके आ गए थे। और भारत के फायदे के लिए उसमें कुछ नहीं थी। किसानों के हक से समझौता करने वाली कांग्रेस है। मोदी ने 2014 में डब्ल्यूटीओ में जाकर इसे सुधारा। ये गरीबों को राशन दे नहीं पा रहे थे और ये मोदी जी पर आरोप लगा रहे हैं। इनको इसका कोई अधिकार नहीं है। निर्मला सीतारमण ने कहा कि राहुल गांधी के आरोप गलत। डेटा को लेकर उनको जानकारी नहीं है। इनको बजट सही से पढ़ के आना चाहिए। ये यहां आकर गलत डेटा देते हैं। महंगाई पूरी तरह कंट्रोल है।
इनकी आदतें अबोध बालक जेसी हैं।
निर्मला सीतारमण बोलीं- जिस राज्य में कम्यूनिस्ट सरकार वहां आर्थिक विकास सबसे नीचे
निर्मला सीतारमण ने कहा- बजट के ऊपर कम्यूनिस्ट लोगों ने बात की। उन्होंने कहा कि केरल में कुछ नहीं मिलता, हमें कुछ नहीं मिलता। जहां कम्यूनिस्ट सरकार वहां आर्थिक विकास सबसे नीचे है। ये लोग इंडस्ट्रीस को भगा देते हैं। कंपनियां चली जाती हैं, कैसे विकास होगा। स्ष्ट स्भ् पर सबसे ज्यादा क्राइम है तो वो केरल में है।
निर्मला सीतारमण बोलीं- बंगाल स्टेट जीएसटी हटा सकता है पर वो ऐसा क्यों नहीं कर रहे
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा- बंगाल स्टेट जीएसटी हटा सकता है पर वो ऐसा क्यों नहीं कर रहे। पैसा भी चाहते हैं और बदनाम भी कर रहे हैं। आप अगर बंगाल में लोगों पर बोझ कम करना चाहते हैं तो पेट्रोल के दाम बंगाल में दिल्ली से ज्यादा है तो उसे कम कर दीजिए। उन्होंने कहा कि बंगाल के नेताओं को दंकुनी और सूरत के फ्रेट कॉरिडोर पर दुख हुआ। ममता ने कहा कि हमने पहले किया था लेकिन इन्होंने दूसरे की घोषणा की थी। हर चीज में श्रेय ना लें। वित्त मंत्री ने कहा कि पीएम ने 2014 में कहा था रेलवे के अधूरे प्रोजेक्ट पहले पूरे करो, हमने 1997 से 28 अधूरे प्रोजेक्ट्स पूरे किए। लेकिन ये हर चीज में श्रेय ढूंढ रहे हैं।
निर्मला सीतारमण बोलीं- अभिषेक बनर्जी ने जीएसटी पर झूठ बोला
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा- अभिषेक बनर्जी की स्पीच पर मुझे दुख हुआ। उन्होंने जनकारी तोड़ मोरड़कर पेश की। जीएसटी पर उन्होंने कहा कि जन्म से लेकर मरने तक लोग जीएसटी दे रहे हैं। कहां से ला रहे हैं ये बातें। दूध के ऊपर कब जीएसटी लगा, पढ़ाई पर कब लगा। अब तो रिफॉर्म में और सुधार किया है। पेंसिल शार्पनर जैसी चीजों पर कब जीएसटी लगा। किताब, मैप्स पर कब जीएसटी लगा। हेल्थ केयर सर्विसेस पर जीएसटी हटाया गया। हेल्थ और लाइप बीमे पर जीएसटी हटाया। उन्होंने कहा कि बनर्जी बोले कि मरने के बाद जीएसटी देना पड़ता है। फ्यूनरल पर कब जीएसटी लगा। मुझे लग रहा है बंगाल में इनके लोग कट ले रहे हैं और वो इसको जीएसटी का नाम दे रहे हैं।
निर्मला सीतारमण बोलीं- यूपी में बुलेट ट्रेन को लेकर अखिलेश ने गलत आरोप लगाया
निर्मला सीतारमण ने कहा कि अखिलेश यादव ने कहा कि यूपी के लिए कोई बुलेट ट्रेन की कोई घोषणा नहीं हुई। दो हाईस्पीड ट्रेन का कॉरिडोर यूपी से गुजरता है। रेलवे का पूरा ध्यान उत्तर प्रदेश पर है। वार्षिक रेलवे बजट में यूपी के लिए वृद्धि हुई है। अखिलेश यादव ने गलत आरोप लगाया।
राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार
हनन का नोटिस देगी भाजपा : रिजिजू
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कथित एपस्टीन फाइल्स को लेकर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। रिजिजू ने कहा कि बजट पर चर्चा में राहुल बिना किसी तर्क,सबूत या पूर्व सूचना के आरोप लगा रहे हैं। इसलिए भाजपा संसदीय दल आज लोकसभा अध्यक्ष को राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस देगा। रिजिजू ने बुधवार को संसद परिसर में पत्रकार वार्ता में कहा… कि राहुल के पूरे भाषण में जो भी गलत बातें कही गई हैं,उन्हें रिकॉर्ड से हटाया जाना चाहिए। साथ ही जिन शब्दों का प्रयोग असंसदीय है और जो झूठे आरोप लगाए गए हैं,उन्हें भी कार्यवाही से निकाल दिया जाना चाहिए। देश को बेच देने वाले राहुल के बयान पर अपनी प्रतिक्रिया में रिजिजू ने कहा… कि इस देश को न कोई बेच सकता है और न ही कोई खरीद सकता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अब तक के सबसे मजबूत प्रधानमंत्री हैं। रिजिजू ने कहा… कि राहुल गांधी ने बिना पूर्व सूचना दिए मंत्री हरदीप सिंह पुरी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यह विशेषाधिकार का उल्लंघन है। हम अध्यक्ष को आवश्यक सूचना देंगे। उन्होंने कहा…कि राहुल जानबूझकर बार-बार ऐसा करते हैं। उनका भाषण आमतौर पर झूठ और आरोपों से भरा होता है। वे भाग जाते हैं और मंत्री का जवाब सुनने के लिए कभी नहीं बैठते।
बजट विकसित भारत की ओर ले जाने वाला दस्तावेज : अनुराग ठाकुर
लोकसभा में बजट 2026-27 पर चर्चा के दौरान भाजपा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने जहां एक ओर सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा दिया, वहीं विपक्ष और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखे हमले भी किए। उन्होंने कहा कि यह बजट ‘विकास एक्सप्रेस’ को ‘विकसित भारत’ की ओर ले जाने वाला दस्तावेज है और यह केवल वित्तीय विवरण नहीं बल्कि समावेशी विकास, वित्तीय अनुशासन और राष्ट्रीय पुनरुत्थान का रोडमैप है। चर्चा के दौरान जैसे ही अनुराग ठाकुर जवाब देने के लिए खड़े हुए कांग्रेस सदस्यों ने वॉकआउट किया। इस पर टिप्पणी करते हुए ठाकुर ने कहा, ‘जब हम बोलते हैं तो राहुल गांधी सामना नहीं कर पाते। पहले हमारे भाषण के बीच में जाते थे, अब तो पहले ही चले गए।’
राहुल गांधी ने लोकसभा में भारत-अमेरिका ट्रेड डील को बताया समर्पण

लोकसभा में बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते को केंद्र सरकार का ट्रंप प्रशासन के आगे समर्पण करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने इस डील में भारतीय डेटा,किसानों की सुरक्षा, ऊर्जा सुरक्षा और डिजिटल संप्रभुता अमेरिका के हवाले कर दिया। राहुल गांधी ने लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान कहा कि दुनिया स्थिरता से अस्थिरता की ओर बढ़ रही है। यूक्रेन युद्ध, गाजा संघर्ष, मिडिल ईस्ट में तनाव और ईरान के साथ युद्ध की आशंका ने माहौल को खतरनाक बना दिया है। आर्थिक सर्वेक्षण में सरकार खुद मानती है कि अमेरिका-केंद्रित पुराना बहुध्रुवीय सिस्टम टूट रहा है। डॉलर का वर्चस्व चुनौती का सामना कर रहा है, चीन और रूस जैसी ताकतें इसे चुनौती दे रही हैं। ऊर्जा और वित्त को हथियार बनाया जा रहा है। डॉलर कमजोर हो रहा है और सोना-चांदी की कीमतें बढ़ रही हैं। एनएसए ने कुछ समय पहले कहा था कि युद्ध का दौर खत्म हो गया है लेकिन अब हम युद्ध के दौर में प्रवेश कर चुके हैं। उन्होंने भारत की तीन सबसे बड़ी ताकतें गिनाते हुए कहा कि हमारी पहली ताकत है हमारे 1.4 अरब लोग जो ऊर्जावान और प्रतिभाशाली हैं। दूसरी ताकत है इनसे बनने वाला विशाल डेटा पूल। 21वीं सदी में जनसंख्या बोझ नहीं बल्कि सबसे बड़ा संसाधन है क्योंकि लोग डेटा बनाते हैं और डेटा ही एआई का ईंधन है। भारत का डेटा पूल दुनिया में सबसे बड़ा और सबसे विविध है। तीसरी ताकत है हमारे किसान और मजदूर जो खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। ऐसे तूफानी दौर में इन तीन चीजों को बचाना सबसे जरूरी है। लोग और उनका डेटा,खाद्य सुरक्षा और ऊर्जा प्रणाली। उन्होंने कहा कि एआई का दौर आ रहा है और इसके खतरनाक परिणाम होंगे। भारतीय आईटी उद्योग और लाखों सॉफ्टवेयर इंजीनियर खतरे में पड़ सकते हैं। एआई कई नौकरियों को खत्म कर देगा। ऐसे समय में सरकार को इन मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए था लेकिन बजट में इनमें से किसी पर ठोस प्रावधान नहीं है। राहुल गांधी ने भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर कहा कि फरवरी 2026 में ट्रंप और मोदी की बातचीत के बाद यह डील घोषित हुई। अमेरिका ने भारतीय सामानों पर टैरिफ घटाया लेकिन बदले में भारत ने कई शर्तें मान लीं। असली लड़ाई भारतीय डेटा के लिए है और सरकार ने इसे बिना सुरक्षा के अमेरिका को सौंप दिया। डिजिटल ट्रेड नियमों पर नियंत्रण छोड़ दिया गया, डेटा लोकलाइजेशन की जरूरत खत्म कर दी गई, अमेरिकी कंपनियों को मुक्त डेटा प्रवाह और 20 साल का कर छूट (टैक्स हॉलीडे) घोषित दिया गया। राहुल ने कहा कि भारतीय टैरिफ औसतन 3 प्रतिशत से बढ़कर 18 प्रतिशत हो गया जबकि अमेरिकी टैरिफ 16 प्रतिशत से शून्य हो गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur