लखनऊ,04 फरवरी 2026। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीअयोध्या धाम में माता सीता के जीवन और आदर्शों पर केंद्रित एक विशेष ‘वैदेही आर्ट गैलरी’ की स्थापना के निर्देश दिए हैं। यह गैलरी भारतीय संस्कृति, मर्यादा,करुणा और नैतिक मूल्यों की अनुपम प्रतीक सीता माता के जीवन-चरित को आधुनिक तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी के सामने प्रस्तुत करेगी। मुख्यमंत्री आवास पर आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान बुधवार को मुख्यमंत्री ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की रूपरेखा साझा की। उन्होंने कहा कि सीता मइया भारतीय सभ्यता की आत्मा हैं और उनका जीवन त्याग,धैर्य,साहस,करुणा और नारी शक्ति का अद्वितीय उदाहरण है। नई पीढ़ी को उनके चरित्र से गहराई से परिचित कराना आज के समय की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ‘वैदेही आर्ट गैलरी’ केवल एक पारंपरिक कला-संग्रहालय नहीं होगी, बल्कि यह एक जीवंत सांस्कृतिक अनुभव-स्थल के रूप में विकसित की जानी चाहिए। इसमें सीता माता के जीवन प्रसंगों का आधुनिक तकनीक,डिजिटल माध्यम,दृश्य-श्रव्य प्रस्तुति और कलात्मक अभिव्यक्ति के जरिए पुनर्पाठ किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया कि गैलरी की कथा-वस्तु, डिजाइन, विज़ुअल भाषा, कला और तकनीकी प्रस्तुति इस भावना को प्रतिबिंबित करे कि यह एक दिव्य और शाश्वत विरासत है, जिसे भावी पीढि़यों के लिए प्रेरणास्रोत के रूप में संरक्षित और प्रस्तुत किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस गैलरी की मूल अवधारणा यह होनी चाहिए कि आगंतुक सीता माता के जीवन-संदेश को केवल देखें ही नहीं, बल्कि उसे महसूस करें, समझें और अपने जीवन में आत्मसात करें। गैलरी में ऐसा वातावरण निर्मित किया जाए, जिससे दर्शक भावनात्मक और सांस्कृतिक रूप से जुड़ सकें।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur