कोलकाता,17 जनवरी 2026 । पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में शनिवार को दूसरे दिन भी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। प्रदर्शनकारियों ने एनएच-12 और रेलवे ट्रैक को फिर से जाम कर दिया है। स्थिति नियंत्रित करने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। यह विरोध बिहार में एक प्रवासी मजदूर पर हमले के बाद भड़का है। इससे एक दिन पहले झारखंड में प्रवासी मजदूर की मौत को लेकर बेलडांगा में हिंसक प्रदर्शन हुआ था, जिससे सड़क और रेल रूट घंटों ठप रहा था। एडिशनल एसपी ने बताया कि अब तक 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सीएम ममता बनर्जी ने शुक्रवार को शांति बनाए रखने की अपील की थी। इधर भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने शनिवार को कहा कि ट्रेनों को जलाया जा रहा है। ममता बनर्जी इसे अल्पसंख्यकों का गुस्सा बताकर सही ठहरा रही हैं।
रेलवे गेट तोड़ा, कृष्णनगर-लालगोला रूट बंद : शनिवार सुबह प्रदर्शनकारियों ने बेलडांगा स्टेशन के पास रेल गेट में तोड़फोड़ की और रेलवे सिग्नल को नुकसान पहुंचाया। इसके चलते कृष्णनगर और लालगोला के बीच ट्रेन बंद कर दी गईं। पुलिस के अनुसार, सैकड़ों स्थानीय लोग बेलडांगा के बरुआ मोड़ पर एनएच-12 पर जमा हो गए। इससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया और कई वाहन फंस गए। पूर्व रेलवे के जनरल मैनेजर मिलिंद के. देउस्कर ने बताया कि हालात को देखते हुए इलाके में आरपीएफ और आरपीएसएफ बल तैनात किए जा रहे हैं। नए सिरे से तनाव की खबर के बाद बेलडांगा में पुलिस की तैनाती और बढ़ा दी गई है।
बिहार में प्रवासी मजदूर से मारपीट का आरोप : प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मुर्शिदाबाद के मजदूर अनीसुर शेख के साथ बिहार में मारपीट की गई। इस घटना से शुक्रवार की हिंसा के बाद शांत हुआ गुस्सा फिर भड़क उठा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घायल मजदूर अनीसुर शेख शुक्रवार देर रात किसी तरह मुर्शिदाबाद पहुंचा। उसकी हालत गंभीर थी। उसे मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्थानीय विधायक हुमायूं कबीर मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत की।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur