
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,02 जनवरी 2026 (घटती-घटना)। शहर के यातायात थाने के पास सरगुजा पुलिस द्वारा शुक्रवार को आयोजित सडक सुरक्षा माह के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर अजीत वसंत ने सडक दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों के पालन की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सडक दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यह आवश्यक है कि लोग यातायात नियमों का अनुशासित तरीके से पालन करें और इस दिशा में समाज में सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन लाना बेहद जरूरी है।
इस कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने बताया कि एक महीने तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जागरुकता रथ जाएगा,जो लोगों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी देगा। इस अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना और नियमों के पालन को सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर हर साल सडक दुर्घटनाओं की समीक्षा की जाती है और चार मुख्य कारण सामने आए हैं, जिनकी वजह से अधिकतर दुर्घटनाएं होती हैं।
पहला कारण है बाइक पर तीन सवारी बैठाना,जो सडक दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बनता है। दूसरा कारण है दो पहिया वाहन चालकों का हेलमेट न पहनना। इसके अलावा ओवर स्पीड और शराब पीकर वाहन चलाने की आदत भी दुर्घटनाओं का कारण बनती है। इन चार मुख्य मुद्दों पर जागरुकता रथ के माध्यम से लोगों को बताया जाएगा ताकि वे सडक सुरक्षा के नियमों का पालन करें और दुर्घटनाओं में कमी आए। एसपी ने कहा कि इस सडक सुरक्षा माह का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को यातायात से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी देना है ताकि वे सडकों पर सुरक्षित तरीके से यात्रा कर सकें और दुर्घटनाओं से बच सकें।
इस अभियान का लक्ष्य सडक सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना और लोगों को यह समझाना है कि यातायात नियमों का पालन उनकी और दूसरों की सुरक्षा के लिए जरूरी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो ने इस आयोजन के सफल संचालन के लिए उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का मंच संचालन सुनीता दास, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबिकापुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सीएसपी राहुल बंसल, सहायक आयुक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विनय सोनी, नवा विहान के संयोजक मंगल पांडेय, और समन्वयक अनिल मिश्रा भी उपस्थित रहे।
सड़क दुर्घटनाओं से
होने वाली मौतों में आई कमी
पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने बताया कि 2025 में सडक दुर्घटनाओं और इससे होने वाली मौतों में निश्चित तौर पर कमी आई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 में जिले में 614 सडक दुर्घटनाएं हुई थीं, जिनमें 354 लोगों की मौत हुई थी,जबकि 2025 में सडक दुर्घटनाओं की संख्या 598 रही और इनमें 302 मौतें हुईं। यह आंकड़े यह दर्शाते हैं कि सडक सुरक्षा माह के तहत किए गए जागरूकता अभियानों का सकारात्मक असर पड़ा है। इस प्रकार, सरगुजा पुलिस द्वारा आयोजित सडक सुरक्षा माह का यह आयोजन सडक सुरक्षा के प्रति समाज में जागरूकता लाने के प्रयास में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur