12258 क्वॉर्टर अवैध शराब,6 किलो गांजा,2.30 लाख रुपए जब्त
नई दिल्ली,27 दिसम्बर 2025। दिल्ली पुलिस की साउथ ईस्ट डिस्टि्रक्ट टीम ने ‘ऑपरेशन आघात 3.0’ के तहत 285 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी हेमंत तिवारी के मुताबिक इस अभियान में एक्साइज एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और जुआ अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई। इसके अलावा 504 लोगों को एहतियाती कार्रवाई के तहत पकड़ा गया और 116 बदमाश की धरपकड़ की गई है। अभियान में 10 प्रॉपर्टी ऑफेंडर और 5 ऑटो लिफ्टर भी गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने 21 सीएमपी, 20 जिंदा कारतूस और 27 चाकू बरामद किए। इसके साथ ही 12,258 क्वॉर्टर अवैध शराब, 6.01 किलो गांजा और 2,30,990 नगद जब्त किए गए। पुलिस ने बताया कि 310 मोबाइल फोन, 231 दोपहिया वाहन और एक चारपहिया वाहन भी बरामद हुए हैं। डीसीपी ने कहा कि अभियान के दौरान कुल 1,306 लोगों को रोककर पूछताछ की गई, ताकि आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके और कानून व्यवस्था को मजबूत किया जा सके।
क्या है ऑपरेशन आघात
दिल्ली पुलिस का ऑपरेशन आघात एक विशेष अभियान है, जिसे दिल्ली पुलिस (खासकर साउथ-ईस्ट जिले में) ने संगठित अपराध, नशा तस्करी, अवैध शराब, जुआ, हथियारों के साथ अपराधियों और आदतन अपराधियों पर लगाम लगाने के लिए शुरू किया है। यह ऑपरेशन मुख्य रूप से नए साल से पहले और त्योहारों के दौरान अपराधों को रोकने के लिए चलाया जाता है, जिसमें रातभर छापेमारी, संदिग्धों की पूछताछ और गिरफ्तारियां शामिल होती हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur